ग्रो का मुनाफा सितंबर तिमाही में घटा; आय 1,500 करोड़ रुपए अधिक रही
मुंबई, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रोकिंग फर्म ग्रो की प्रवर्तक कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स लिमिटेड ने बुधवार को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का कर के बाद मुनाफा जुलाई-सितंबर अवधि में तिमाही आधार पर करीब 1.50 प्रतिशत घटकर 724.70 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि जून तिमाही में 735.04 करोड़ रुपए था।
वित्त वर्ष 27 की सितंबर तिमाही में कंपनी की परिचालन से आय करीब 1,501.53 करोड़ रुपए पर सपाट रही है, जो कि जून तिमाही में 1,501.42 करोड़ रुपए थी।
इस दौरान कंपनी की अन्य आय 47.25 करोड़ रुपए से घटकर 39.01 करोड़ रुपए रह गई है।
सितंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय में भी कमी देखी गई है, जो कि जून तिमाही के 1,548.67 करोड़ रुपए से घटकर 1,540.54 करोड़ रुपए रह गई है।
इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी सपाट रहा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 555.93 करोड़ रुपए रहा है, जो कि जून तिमाही में 555.68 करोड़ रुपए था।
कंपनी की ओर से जारी किए गए नतीजों में बताया गया कि वित्त वर्ष 27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर अवधि) में उसका कैश फ्लो नकारात्मक -900.12 करोड़ रुपए रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में -159.41 करोड़ रुपए था।
नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट देखी गई। यह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) दोपहर 2:34 बजे 0.58 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 192.68 रुपए पर था।
बीते एक महीने में शेयर ने करीब 2.50 प्रतिशत का नकारात्मक रिटर्न दिया है। वहीं, बीते छह महीने में शेयर ने 7.54 प्रतिशत का नकारात्मक रिटर्न दिया है।
वहीं, इस साल की शुरुआत से अब तक ग्रो ने 24 प्रतिशत और बीते एक साल में 46 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है।
इसके अलावा, भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी के साथ कारोबार हो रहा था। सेंसेक्स 228 अंक या 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,807 और निफ्टी 88 अंक या 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,634 पर था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 3:03 PM IST












