झारखंड गुमला में अपराधियों की बड़ी साजिश नाकाम, एके-56 और देसी कार्बाइन सहित कई हथियार बरामद

गुमला, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के गुमला जिले की पुलिस ने घातक हथियारों के साथ बड़ा आपराधिक वारदात अंजाम देने की एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी है। सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक लाल रंग की कार से एक एके-56 राइफल, तीन मैगजीन, देसी कार्बाइन और कई राउंड गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार पर सवार अन्य लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गुमला के पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित शर्मा अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ टोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचे हैं। सूचना थी कि उनके पास अवैध और घातक हथियार मौजूद हैं तथा वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में सिसई के सर्किल इंस्पेक्टर विनय कुमार सहित सिसई और भरनो थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। गठित टीम जब त्वरित कार्रवाई करते हुए टोली गांव के पास पहुंची, तो रास्ते में उन्हें एक संदिग्ध लाल रंग की कार दिखाई दी।
पुलिस के अनुसार, इस वाहन में चार-पांच लोग सवार थे। जैसे ही उन्होंने पुलिस की गाड़ी को देखा, वे हड़बड़ा गए और कार से उतरकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन रात के अंधेरे और आसपास के घने जंगल का लाभ उठाकर अधिकांश अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में छोड़ी गई कार की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के भीतर से एक देसी कार्बाइन, मैगजीन, गोलियां और अन्य संदिग्ध सामग्रियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से राजेंद्र यादव नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार राजेंद्र यादव की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य स्थान से एके-56 राइफल और गोलियों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद किए गए अत्याधुनिक हथियार कहां से लाए गए थे और इस आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फरार चल रहे मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी हरीश बिन जमा ने इस अभियान के लिए छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
