ग्वालियर गायब कान्हा जी को खोजकर लाने वाले को मिलेगा 5 हजार का इनाम, आईजी ने दिए जांच टीम बनाने का आदेश
ग्वालियर, 2 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला के लड्डू गोपाल गायब हो गए हैं, जिनकी जांच और खोज के लिए एक टीम का गठन किया गया है। महिला का दावा है कि लड्डू गोपाल उसके सपने में आ रहे हैं और खुद को कष्ट में बता रहे हैं।
विजया शर्मा नाम की महिला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 29 जनवरी को बहन के साथ महाराजवाड़ा में हम लोग कान्हा जी के शृंगार का सामान लेने गए थे। किसी दुकान पर कान्हा जी छूट गए। तब से हम काफी परेशान हैं। रातभर सो नहीं पाते। वह हमारे सपने में आते हैं।
महिला ने बताया कि महज तीन दिन बाद ही कान्हा जी मेरी दीदी के सपने में आए और उस घर को दिखाया, जहां उन्हें रखा गया है। हम उस घर पर भी गए, जो सपने में दिखाई दिया था। पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। पुलिस को सबूत और तथ्य चाहिए होते हैं।
उन्होंने कहा कि वह सपने में आकर बता रहे हैं कि वह दुखी हैं और उन्हें चोट लगी हुई है। पुलिस से जब कोई मदद नहीं मिली तो मैं आईजी से मिलने गई। आईजी ने हमारी शिकायत को गंभीरता से लिया और एक टीम गठित कर जांच के आदेश दे दिए हैं।
महिला ने यह भी कहा कि कान्हा जी मेरे लिए मेरे भाई जैसे हैं। मैं उन्हें भगवान से भी बढ़कर मानती हूं। अगर पुलिस ईमानदारी से काम करे तो कान्हा जी जरूर मिल जाएंगे। पहले मैंने कान्हा जी के बारे में सूचना देने वाले के लिए 1100 का इनाम रखा था, लेकिन अब 5 हजार का इनाम रखा है, क्योंकि वह बहुत कष्ट में हैं।
महिला ने कहा कि जिसके पास भी मेरे कान्हा जी हैं, उन्हें वापस कर दे। मैं उन्हें और भी सजे-धजे कान्हा जी दे दूंगी। कान्हा जी को मेरी मां लेकर आई थीं, वह भी हम लोगों के जन्म से पहले। अब मेरी मां का देहांत हुए पांच साल से अधिक का समय बीत चुका है। मैं और मेरी दीदी ही उनका ख्याल रखती हैं। मेरी दीदी का कान्हा से काफी लगाव है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 8:21 PM IST












