हार्दिक की जगह लेने के लिए 2 खिलाड़ियों की जरूरत होगी, वह बेहतरीन ऑलराउंडर हैं अनिल कुंबले

हार्दिक की जगह लेने के लिए 2 खिलाड़ियों की जरूरत होगी, वह बेहतरीन ऑलराउंडर हैं अनिल कुंबले
भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने मुंबई इंडियंस (एमआई) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 13वें मैच से पहले हार्दिक पांड्या की अहमियत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि हार्दिक की गैरमौजूदगी से एमआई टीम का संतुलन बिगड़ सकता है और उनकी जगह भरने के लिए टीम को दो खिलाड़ियों की जरूरत पड़ेगी।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने मुंबई इंडियंस (एमआई) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 13वें मैच से पहले हार्दिक पांड्या की अहमियत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि हार्दिक की गैरमौजूदगी से एमआई टीम का संतुलन बिगड़ सकता है और उनकी जगह भरने के लिए टीम को दो खिलाड़ियों की जरूरत पड़ेगी।

हार्दिक पांड्या बीमार होने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबला नहीं खेल सके हैं। हार्दिक की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एमआई को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था और टीम को खासतौर पर गेंदबाजी में हार्दिक की कमी महसूस हुई थी। हार्दिक के न खेलने पर मुंबई इंडियंस को अपने अंतिम एकादश में कई बदलाव करने पड़े थे। दीपक चाहर और कॉर्बिन बॉश को टीम में शामिल किया गया था, जबकि विदेशी खिलाड़ियों का संतुलन बनाए रखने के लिए ट्रेंट बोल्ट को बाहर बिठाया गया था। हालांकि, हार्दिक अब पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।

कुंबले ने इस बात पर जोर दिया कि पांड्या मुंबई इंडियंस टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। कुंबले ने 'स्टार स्पोर्ट्स' द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में कुंबले ने कहा, "मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस के लिए प्लेइंग इलेवन में जिन दो खिलाड़ियों की कमी आप बिल्कुल नहीं चाहेंगे, उनमें से एक जाहिर तौर पर जसप्रीत बुमराह हैं और दूसरे हार्दिक पांड्या। हार्दिक पांड्या की जगह लेने के लिए आपको दो खिलाड़ियों की जरूरत पड़ती है। हमने पिछले मैच में देखा कि टीम का संतुलन थोड़ा बिगड़ गया था।"

हार्दिक की बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने की काबिलियत का जिक्र करते हुए कुंबले ने कहा, "हार्दिक अगर खेलते हैं, तो बात सिर्फ उनकी बल्लेबाजी की नहीं है, बल्कि जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, उसकी भी है। जिस तरह से वह अलग-अलग परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हैं और उनके चार ओवर। वह नई गेंद से भी गेंदबाजी कर सकते हैं। वह अंतिम ओवरों में भी आकर गेंदबाजी करते हैं। इसी कारण वह एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं।"

कुंबले ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक क्रिकेट में पांड्या जैसे काबिल खिलाड़ी बहुत कम मिलते हैं। उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट और अलग-अलग परिस्थितियों में उनकी निरंतरता की तारीफ की। उन्होंने कहा, "आपको हार्दिक जैसे बेहतरीन खिलाड़ी रोज-रोज नहीं मिलते। हमने इस पूरे टूर्नामेंट में देखा है कि शायद वही एकमात्र ऐसे ऑलराउंडर हैं जो सबसे अलग नजर आते हैं।"

मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मिली जीत में हार्दिक ने बल्ले और गेंद से अहम योगदान दिया था। उन्होंने 11 गेंदों में 18 रन बनाने के साथ-साथ एक विकेट भी निकाला था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 2:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story