हरदोई में चोरी के शक में घरेलू सहायिका को कुर्सी से बांधकर पीटने का आरोप, पांच लोगों पर एफआईआर
हरदोई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हरदोई में चोरी के शक में एक घरेलू सहायिका को कुर्सी से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली देहात क्षेत्र की नेक्सरा कॉलोनी की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र की रहने वाली उपासना नेक्सरा कॉलोनी में आकांक्षा के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। पीड़िता का आरोप है कि 30 सितंबर को चोरी के शक में आकांक्षा और परिवार की अन्य महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और कुर्सी से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला द्वारा डंडे से उपासना के गले पर दबाव बनाने और उसके साथ मारपीट करने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि उपासना से चोरी कबूल कराने के लिए उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि पीड़िता ने चोरी करने के आरोप से इनकार किया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। उसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने आकांक्षा, आशीष, दीपिका, सोनी और वाणी के खिलाफ दलित उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से दबिश दिए जाने की बात कही गई है।
इस घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2026 12:00 AM IST












