फर्जी वीडियो बनाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे हरपाल सिंह चीमा
चंडीगढ़, 18 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित विवादित वीडियो को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। पंजाब सरकार में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार का पक्ष रखा और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि कुछ “पंथ विरोधी ताकतें” सुनियोजित तरीके से पंजाब का माहौल बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए एक संगठित साजिश रची गई है। इस मामले में तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराई गई है, जिसमें स्पष्ट तथ्य सामने आए हैं।
चीमा ने बताया कि सरकार ने वायरल वीडियो की जांच पंजाब से बाहर स्थित दो स्वतंत्र लैबों से कराई। इस जांच में कुल 1191 फ्रेम का बारीकी से विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं है, बल्कि उनके जैसे दिखने वाला एक अन्य व्यक्ति है। उन्होंने दावा किया कि आधुनिक तकनीक और एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की गई।
फॉरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से वित्त मंत्री ने कहा कि चेहरे की संरचना, कद-काठी और शारीरिक बनावट के आधार पर वीडियो में दिख रहे व्यक्ति और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच स्पष्ट अंतर पाया गया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की अनुमानित लंबाई लगभग 5 फुट 10 इंच है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान की लंबाई 5 फुट 8 इंच है। इसके अलावा साइड और बैक प्रोफाइल, कंधों की बनावट और शरीर की मुद्रा में भी महत्वपूर्ण अंतर पाया गया है।
सरकार ने इस पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि इसके पीछे शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा, चाहे वे देश के भीतर हों या बाहर बैठा हो, कोई बचने वाला नहीं है।
मंत्री चीमा ने यह भी कहा कि पंजाब के खिलाफ इस तरह की साजिशें पहले भी होती रही हैं और सरकार इन्हें सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे और तकनीकी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक रिपोर्ट पर ही भरोसा करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 4:14 PM IST












