हरसिमरत कौर ने सीएम मान की पत्नी पर 5 करोड़ लेकर दुष्कर्म के आरोपी को बचाने का लगाया आरोप

हरसिमरत कौर ने सीएम मान की पत्नी पर 5 करोड़ लेकर दुष्कर्म के आरोपी को बचाने का लगाया आरोप
पंजाब की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। हरसिमरत कौर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने 5 करोड़ रुपए लेकर एक दुष्कर्म के आरोपी को बचाया है।

चंडीगढ़, 2 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। हरसिमरत कौर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने 5 करोड़ रुपए लेकर एक दुष्कर्म के आरोपी को बचाया है।

हरसिमरत कौर बादल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "पंजाब में हमेशा महिलाओं के सम्मान की बात होती है, लेकिन असलियत यह है कि यहां पर औरतों का सत्कार होने के बजाय बलात्कार हो रहा है और मुख्यमंत्री की पत्नी दोषियों को बचा रही हैं। इससे ज्यादा गंभीर बात और क्या हो सकती है कि पंजाब की पीड़ित बेटियां, जो शोषण और रेप जैसे घिनौने अपराधों का शिकार होती हैं, वे देखती हैं कि जिन लोगों को फांसी होनी चाहिए, उन्हें राज्य सरकार, खासकर मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी पैसे के बदले बचा रही है?"

उन्होंने कहा, "यह मामला पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है। मेरी नजर में यह पंजाब के हर माता-पिता और पूरे देश के लिए बहुत चिंता की बात है, खासकर यह देखते हुए कि राज्य में हालात कितने खराब हो गए हैं। भ्रष्टाचार तो पहले से ही बहुत ज्यादा था, लेकिन अब जब राज्य के मुख्यमंत्री और उनका परिवार पैसे के बदले रेप करने वाले को बचाने और उन्हें भागने में मदद करने में शामिल हैं, तो पंजाब के लोग, यहां की बेटियां और रेप पीड़ितों के परिवार आखिर कहां जाएं?"

हरसिमरत ने आरोप लगाया कि आरोपी एक सीरियल बलात्कारी है और दो मामलों में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। उन्होंने कहा, "यह इतना गंभीर अपराधी है कि उसके खिलाफ दो केसों में एफआईआर दर्ज हुई थी। यह जेल में बंद था। पीड़ित ने अदालत में 164 के बयान दिए। कानून यह कहता है कि 164 के बयान के बाद किसी हालत में ट्रायल के बिना उस आरोपी को बेल नहीं मिल सकती।"

उन्होंने सवाल उठाया कि मई में गिरफ्तार आरोपी जुलाई में कैसे जेल से बाहर आ गया और विदेश चला गया। हरसिमरत ने कहा, "पंजाब की जनता को हैरानी होनी चाहिए कि जो मई में गिरफ्तार हुआ, जुलाई में उसके केस रफा करके जेल से बाहर आकर, वह विदेश भी पहुंच गया है। कोई पहुंच सकता है? मुख्यमंत्री की पत्नी ने 5 करोड़ जो लिए हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 11:25 PM IST

Tags

Next Story