हरियाणा सीएम ने गुरुग्राम में किया 'जीवीपी मुक्त अभियान' का शुभारंभ, लोगों से स्वच्छता के काम में योगदान की अपील
गुरुग्राम, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुग्राम में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' के तहत 'जीवीपी मुक्त अभियान' का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं सफाई कर श्रमदान किया और इसके उपरांत उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "'सेवा संकल्प अभियान' चल रहा है और इसमें भाजपा के सभी कार्यकर्ता और आम लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आज 2 अक्टूबर है, यानी गांधी जयंती। इस मौके पर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत' के आह्वान को ध्यान में रखकर 'जीवीपी मुक्त अभियान' का निर्णय लियया है।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां कूड़े के ढेर हैं, उन्हें साफ करना है, ताकि प्रधानमंत्री के आह्वान को सार्थक किया जाए। पूरे जिले में कचरे के 189 ढेर हैं। आज से अभियान की शुरुआत हुई है और उन्हें अगले 10 दिनों में हटा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, "मैं जनता से अपील करता हूं कि वे सहयोग करें और स्वच्छता के काम में अपना योगदान दें। अगर हम सहयोग करेंगे, तो हमारे गांव, राज्य और देश स्वच्छ होगा, प्रधानमंत्री के विजन को पूरा करेंगे और हम सभी स्वस्थ रहेंगे। हमें संकल्प लेना होगा कि न तो हम कचरा फैलाएंगे और न ही किसी को फैलाने देंगे। इसी संकल्प के साथ हम अपने घरों, मोहल्लों, सड़कों और शहरों को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए काम करेंगे। यह अभियान आज शुरू किया गया है और मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।"
सीएम सैनी ने कहा कि मैंने स्वच्छता को लेकर युवा, महिलाएं, दुकानदार और आम जनमानस, सभी से अपील की है। कूड़े को सही जगह ही फेंका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "जहां स्वच्छता होगी, वहां सुंदरता होगी और व्यक्ति का मन भी लगेगा। गंदगी होने पर कहीं पर किसी व्यक्ति के बैठने का भी मन नहीं होता है। वहां से बहुत सी बीमारियां भी फैलती हैं। इसलिए हमें आज संकल्प लेकर आगे बढ़ना चाहिए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2026 2:48 PM IST












