मुंबई की दिंडोशी कोर्ट से आरोपी फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिंडोशी कोर्ट में पेशी के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को शुक्रवार को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया था, जहां सुनवाई के बाद उसे कस्टडी में भेजने के आदेश दिए गए, लेकिन जेल पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरार हुआ आरोपी अंबोली पुलिस स्टेशन की सीमा में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी है। उसे शुक्रवार को दिंडोशी कोर्ट में रिमांड के लिए लाया गया था।
अदालत में पेशी के दौरान सुनवाई पूरी होने के बाद जज ने आरोपी को कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। बताया जा रहा है कि कोर्ट की कार्यवाही के बाद जब पुलिस आरोपी को जेल ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी वह मौका देखकर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। इस मामले में कुरार पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मुंबई पुलिस ने कहा, "आरोपी अंबोली पुलिस स्टेशन के हत्या के प्रयास के मामले में दिंडोशी कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट से कस्टडी का आदेश मिलने के बाद वह फरार हो गया। कुरार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
