हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वालों पर कांग्रेस का एक्शन, 5 विधायक सस्पेंड
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान कथित क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने गुरुवार को बड़ा एक्शन लेते हुए पांच विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया है। कांग्रेस ने शैली चौधरी, रेनू वाला, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इसराइल और जरनैल सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुनहाना एवं हथीन विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायक क्रमशः शैली चौधरी, रेणु बाला, सरदार जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास तथा मोहम्मद इसराइल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के उपरांत की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित विधायकों ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनावों में एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी। ये सीटें भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध ने जीतीं। इन चुनावों के दौरान वोट की गोपनीयता के उल्लंघन और क्रॉस-वोटिंग की शिकायत देखने को मिली।
भाजपा समर्थित इंडिपेंडेंट कैंडिडेट सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा। 88 विधायकों ने वोट डाला। इंडियन नेशनल लोकदल के दो विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग से दूर रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 3:29 PM IST












