हजारीबाग में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो छात्रों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

हजारीबाग में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो छात्रों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लराही रोड पर मलिकाना के समीप दोपहर करीब तीन बजे हुआ। एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़े दो छात्र भी आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हजारीबाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लराही रोड पर मलिकाना के समीप दोपहर करीब तीन बजे हुआ। एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़े दो छात्र भी आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है। बाइक चला रहे अमन कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हैं। वह सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष मलिकाना के पास सड़क किनारे खड़े थे।

इसी दौरान लराही की ओर से बुलेट बाइक पर आ रहे अमन को विपरीत दिशा से आए एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में दोनों छात्र भी आ गए। टक्कर के बाद अमित और पीयूष सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराए। उनके सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल अमन को अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अमित प्लस टू उच्च विद्यालय, डोईया में 11वीं का छात्र था, जबकि पीयूष सुरेखा पब्लिक स्कूल, बहेरा में 10वीं में पढ़ता था।

दोनों सोमवार को स्कूल नहीं गए थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों दोपहर में खाना खाकर घूमने निकले थे। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंची पीयूष की मां बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story