हजारीबाग में मुठभेड़ के बाद राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधी गिरफ्तार, पुलिस की गोली से एक जख्मी
हजारीबाग, 24 जुलाई (आईएएनएस)। हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने मौके से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल अपराधी को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में लेवी वसूलने के उद्देश्य से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना और पगार ओपी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बुकरु गांव के पास ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो से तीन राउंड जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक अवैध पिस्तौल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान अपराधियों ने हथियार फेंकने का भी प्रयास किया था, जिसे जब्त कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। उनसे राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क तथा लेवी वसूली से जुड़े मामलों के बारे में जानकारी ली जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 July 2026 10:46 AM IST












