हीट वेव के चलते गाजियाबाद में स्कूलों का समय बदला, कक्षा 8 तक के विद्यालय अब दोपहर 1230 बजे तक ही खुलेंगे
गाजियाबाद, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी स्कूलों में कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाओं का समय बदल दिया गया है।
यह नया समय 27 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद में अत्यधिक तापमान और हीट वेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। अब सभी बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूल, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्ड के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तापमान अत्यधिक बढ़ जाता है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विशेषकर छोटे बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में यह परिवर्तन किया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी के संपर्क में आने से बच सकें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी के साथ स्कूल भेजें और गर्मी से बचाव के उपायों का ध्यान रखें। विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय बच्चों को धूप से बचाना, हल्के और सूती कपड़े पहनाना तथा पर्याप्त तरल पदार्थ देना बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि इन दिनों पूरे एनसीआर क्षेत्र में हीट वेव का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग द्वारा भी आगामी दिनों में तापमान अधिक बने रहने की संभावना जताई गई है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 2:42 PM IST












