हिमाचल पांवटा साहिब में यमुना नदी में डूबे व्यक्ति का 4 दिन बाद हरियाणा से शव बरामद
पांवटा साहिब, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में यमुना नदी में डूबे व्यक्ति का शव 4 दिन के कड़े सर्च ऑपरेशन के बाद पड़ोसी राज्य हरियाणा से बरामद कर लिया गया है। स्थानीय प्रशासन और हरियाणा प्रशासन की संयुक्त टीमों ने पिछले चार दिनों से यमुना नदी में एक व्यापक खोज अभियान चला रखा था, जिसमें आखिरकार यह सफलता हासिल हुई है।
एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि 27 सितंबर को शाम करीब 6.30 बजे प्रशासन को एक सूचना मिली थी कि 54 वर्षीय व्यक्ति निखिल किसी कारणवश यमुना नदी में गिर गए। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब में यमुना नदी में डूबे व्यक्ति की तलाश के लिए प्रशासन पहले दिन से ही मुस्तैद था। 28 सितंबर को शव बरामद नहीं होने पर बहाव तेज होने के कारण शव आगे निकल जाने की आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला प्रशासन और हरियाणा के यमुनानगर जिला प्रशासन से संपर्क साधा साधा गया।
उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों से दोनों राज्यों की प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन टीमें नदी के विभिन्न घाटों और बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। सहारनपुर जिला प्रशासन ने भी काफी मदद की। ऑपरेशन के लिए ऋषिकेश से खास नावें मंगाई गई थीं।
अधिकारी ने बताया कि खोज अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने पेशेवर गोताखोरों और रेस्क्यू एक्सपर्ट्स की मदद ली। इस पूरे ऑपरेशन में पैंथर वाइल्ड एडवेंचर राफ्टिंग टीम ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राफ्टिंग टीम के विशेषज्ञों ने अपने आधुनिक उपकरणों और रबर बोट्स के जरिए यमुना नदी के उन गहरे और पथरीले हिस्सों में भी तलाशी ली, जहां सामान्य रूप से पहुंचना बेहद खतरनाक और मुश्किल था।
उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चले इस कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार व्यक्ति का शव हरियाणा क्षेत्र के हथिनी कुंड से बरामद किया गया है। पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2026 11:05 AM IST












