तमिलनाडु फिल्मी स्टाइल में थेनी जेल के सुरक्षा गार्डों पर हमला कर भागे 17 कैदी, 4 पकड़े गए

तमिलनाडु फिल्मी स्टाइल में थेनी जेल के सुरक्षा गार्डों पर हमला कर भागे 17 कैदी, 4 पकड़े गए
तमिलनाडु के थेनी जिले में एंडिपट्टी के पास थेक्कम्पट्टी जिला जेल से सोमवार रात 17 कैदी जेल प्रहरियों पर हमला करके भाग निकले। फरार कैदियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है। मंगलवार सुबह तक चार कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया जबकि बाकी 13 कैदियों की तलाश जारी है।

थेनी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के थेनी जिले में एंडिपट्टी के पास थेक्कम्पट्टी जिला जेल से सोमवार रात 17 कैदी जेल प्रहरियों पर हमला करके भाग निकले। फरार कैदियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया है। मंगलवार सुबह तक चार कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया जबकि बाकी 13 कैदियों की तलाश जारी है।

शुरुआती जांच से पता चला है कि एक कैदी ने दौरा पड़ने का नाटक किया, जिससे गार्ड उसे प्राथमिक उपचार देने के लिए अंदर आ गए। मदद के लिए आए गार्डों पर कैदियों ने हमला कर दिया और एक साथ भाग निकले। इस तरह, एक मेडिकल इमरजेंसी को उन्होंने जेल से भागने के मौके में बदल दिया।

इस हमले में घायल हुए एक जेल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना सोमवार रात 10 बजे हुई। सूचना मिलने पर थेनी के पुलिस अधीक्षक प्रवीण गौतम तुरंत जेल पहुंचे और वहां का मुआयना किया। दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेन्द्र बिदारी ने भी जेल का दौरा किया और जेल कर्मचारियों से भागने की घटना के बारे में पूछताछ की।

आईजी बिदारी ने मीडिया को बताया कि पुलिस को रात 10:20 बजे कैदियों के भागने की सूचना मिली। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं और पूरे जिले में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

वहीं, सबसे पहले पकड़े गए कैदी का नाम प्रवीण है, जो मदुरै जिले के पेरुंगुडी का रहने वाला है। पुलिस को वह जेल के पास एक जंगली इलाके में मिला, जिसके बाद उसे वापस हिरासत में ले लिया गया।

जांचकर्ताओं ने उससे भागने की योजना और कैदियों के अगले ठिकाने के बारे में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि गार्डों को झांसे में लाने के लिए कैदी ने दौरा पड़ने का नाटक किया था। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कैदियों ने हमले की योजना कैसे बनाई और वे जेल परिसर से बाहर निकलने में कैसे कामयाब रहे।

मंगलवार सुबह पुलिस ने थेनी जिले के देवराम के रहने वाले सिलंबरासन को पकड़ लिया। इसके बाद राजकुमार और राजा सिकंदर को भी पकड़ लिया गया जिससे पकड़े गए कैदियों की कुल संख्या चार हो गई।

जेल से कैदियों के भागने के बाद पुलिस ने पूरे थेनी जिले में वाहनों की जांच तेज कर दी है। फरार कैदियों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों (स्निफर डॉग्स) की मदद ली जा रही है और जेल के आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है।

थेक्कम्पट्टी जेल में थेनी, मदुरै, डिंडीगुल और अन्य इलाकों के विचाराधीन कैदी (अंडरट्रायल) रखे जाते हैं।

बताया जा रहा है कि भागने वालों में से ज्यादातर मदुरै जिले के विचाराधीन कैदी थे। इनमें से तीन पर 'गुंडा एक्ट' के तहत कार्रवाई की जानी थी। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं जबकि पुलिस टीमें अभी भी फरार कैदियों की तलाश में जुटी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story