नाटो शिखर सम्मेलन से पहले अंकारा में कड़ी सुरक्षा, 46 संदिग्ध हिरासत में ल‍िए गए

नाटो शिखर सम्मेलन से पहले अंकारा में कड़ी सुरक्षा, 46 संदिग्ध हिरासत में ल‍िए गए
तुर्की की राजधानी अंकारा में पुलिस ने 46 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई 7-8 जुलाई को होने वाले नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन (नाटो) शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई। यह जानकारी रविवार को तुर्की के मीडिया ने दी।

अंकारा, 5 जुलाई (आईएएनएस)। तुर्की की राजधानी अंकारा में पुलिस ने 46 लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई 7-8 जुलाई को होने वाले नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइजेशन (नाटो) शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई। यह जानकारी रविवार को तुर्की के मीडिया ने दी।

तुर्की के मीडिया आउटलेट हैबरटर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अभियान अंकारा के चीफ पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफि‍स की निगरानी में चलाया गया। इसमें अंकारा पुलिस की पब्लिक सिक्योरिटी ब्रांच और दूसरी पुलिस इकाइयों ने भी हिस्सा लिया।

रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्धों की पहचान तकनीकी निगरानी और फिजिकल सर्विलांस के जरिए की गई। उन पर सोशल मीडिया पर हथियारों वाली तस्वीरें पोस्ट करने, लंबे आपराधिक रिकॉर्ड रखने और हथियारों से जुड़े कई मामलों में शामिल होने के आरोप हैं।

पुलिस ने शहर के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की और कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े सबूत भी बरामद किए। सभी संदिग्ध फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह अभियान नाटो शिखर सम्मेलन से पहले अंकारा में लागू की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। पुलिस ने सम्मेलन से जुड़े इलाकों में जांच बढ़ा दी है और सुरक्षा घेरा भी बड़ा कर दिया है। तय जगहों पर पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात हैं।

तुर्की के अधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन से पहले और उसके दौरान कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कानूनी, प्रशासनिक और सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं। जांच और सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

7 और 8 जुलाई को होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में संगठन के 32 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख शामिल होंगे। इसके अलावा हजारों प्रतिनिधि, सुरक्षा कर्मी, पत्रकार और सहयोगी स्टाफ भी अंकारा पहुंचेंगे। इसे अंकारा में अब तक आयोजित सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में से एक माना जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया है कि सम्मेलन सिर्फ दो दिनों तक चलेगा, लेकिन सुरक्षा के विशेष इंतजाम उससे पहले और बाद तक लागू रहेंगे। सेमी-ऑफिशियल अनादोलु एजेंसी के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान करीब 70,000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

अंकारा के गवर्नर कार्यालय ने 28 जून से 10 जुलाई तक सभी बैठकों, प्रदर्शनों, धरनों, रैलियों और इसी तरह की दूसरी गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इसके अलावा कॉन्सर्ट, त्योहार और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों पर भी पाबंदी लगाई गई है। सम्मेलन स्थल, प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने वाले होटलों और प्रमुख रास्तों के आसपास ट्रैफिक पर भी विशेष नियंत्रण रखा जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 10:31 PM IST

Tags

Next Story