दिल्ली पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि नाबालिग आरोपी पर वयस्क की तरह मुकदमा चले डीसीपी
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की अमर कॉलोनी में एक किशोर की गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ दिनों बाद, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (अपराध शाखा) हर्ष इंदोरा ने कहा कि इस मामले के मुख्य आरोपी, जो कि एक नाबालिग है, उस पर अदालत में एक वयस्क के तौर पर मुकदमा चलाने के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (अपराध शाखा) हर्ष इंदोरा ने कहा कि 26 मई की शाम करीब 7:54 बजे अमर कॉलोनी इलाके में फायरिंग की वारदात हुई थी, जहां 17 साल का नाबालिग एक फूड स्टॉल पर दोस्तों के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां से गुजर रहे थे और एक युवक का हाथ कुर्सी से टकरा गया। इसी बात पर मामूली कहासुनी हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले वहां से चले गए, लेकिन 4-5 मिनट बाद वापस लौटे और तभी एक युवक ने नाबालिग पर गोली चला दी थी।
उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है, जिसके नाम पर वह गाड़ी रजिस्टर्ड थी।
डीसीपी हर्ष इंदोरा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मुख्य आरोपी, जिसने पीड़ित पर गोली चलाई थी, नाबालिग है और हमारी हिरासत में है। अपराध के 24 घंटे के अंदर ही नाबालिग को पकड़ लिया गया। बाकी दो आरोपियों को 30 मई को गिरफ्तार किया गया। चौथे आरोपी की तलाश जारी है। उम्मीद है कि उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि पुलिस ने यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है कि मुख्य आरोपी, जो नाबालिग है, उस पर कोर्ट में एक वयस्क की तरह ही मुकदमा चले। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार और गाड़ी को ज़ब्त कर लिया गया है। हथियार कहां से आया, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है।"
इससे पहले, साई के पिता ने कहा था कि अपराधी का भी वही हश्र होना चाहिए, जैसा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में पुलिस द्वारा कथित तौर पर अपराधियों के साथ किया जाता है। अपने पिता की मांग को दोहराते हुए, उस किशोर की बुआ ने कहा कि आरोपी का "एनकाउंटर" कर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमारा पूरा परिवार टूट चुका है। हम अपील करते हैं कि हमें इंसाफ मिले और आरोपी को सज़ा दी जाए।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Jun 2026 10:07 PM IST












