कांग्रेस इकाई में अंदरूनी कलह के बीच भूपेश बघेल का पंजाब दौरा, पार्टी नेताओं के साथ करेंगे बातचीत
चंडीगढ़, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल पार्टी इकाई में नेतृत्व परिवर्तन की मांग के बीच राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पंजाब में कांग्रेस पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
पार्टी के एक बयान में कहा गया है कि भूपेश बघेल का यह दौरा संगठन के अलग-अलग स्तरों के पदाधिकारियों अध्यक्षों, सह-अध्यक्षों और अन्य सदस्यों से विस्तृत बातचीत करने के लिए है। इस दौरान वे उनकी योजनाओं को समझेंगे और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार करेंगे।
इसमें कहा गया है कि इन चर्चाओं में बूथ स्तर से संगठन को मजबूत करने, अलग-अलग समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और कांग्रेस के संदेश को पंजाब के हर गांव और शहर तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर रहेगा। इस दौरान समिति प्रमुखों, वरिष्ठ नेताओं और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ कई विस्तृत बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
पार्टी ने कहा कि इसका उद्देश्य एक मजबूत और चुनाव के लिए तैयार कांग्रेस संगठन बनाना है, जो विधानसभा चुनाव में पंजाब में पार्टी को वापस सत्ता में ला सके।
गौरतलब है कि भूपेश बघेल का यह दौरा कांग्रेस की पंजाब इकाई में उठ रही नेतृत्व परिवर्तन की मांग के बीच हो रहा है। सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का कांग्रेस गुट विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में नेतृत्व बदलने पर जोर दे रहा है।
पिछले हफ्ते, चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने एकजुटता दिखाई और मांग की कि उनके नेता को मौजूदा अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाए। उन्होंने पार्टी हाईकमान को 3 जुलाई को चन्नी के नेतृत्व पर फैसला लेने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया और कहा कि वड़िंग के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में नहीं आ सकती।
हालांकि, बाद में चन्नी ने 'एक्स' पर लिखा कि कांग्रेस पार्टी नेतृत्व ने मुझसे मेरे घर पर मुलाकात की और मुझसे पंजाब के लोगों की भावनाओं व उम्मीदों को हाईकमान के सामने रखने की अपील की।
यह घटनाक्रम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को नेता प्रतिपक्ष बनाए रखने के फैसले के बाद देखा गया। हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उधर, राज्य में पार्टी के नेतृत्व पर विवाद के बीच पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सभी से एकजुटता की अपील की। उन्होंने किसी भी गुटबाजी से साफ इनकार करते हुए कहा कि पार्टी के सीनियर नेता चन्नी के अपने घर पर पार्टी नेताओं की बैठक करने में कुछ भी गलत नहीं है।
वड़िंग ने कहा, "चन्नी पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी की कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष हैं। उनके पार्टी नेताओं की मीटिंग करने में क्या गलत या गुटबाजी है? मीटिंग में मौजूद सभी सीनियर नेताओं ने सिर्फ पार्टी के पक्ष में बात की थी।" इस दौरान, राजा वड़िंग ने यह भी कहा कि वे मुख्यमंत्री पद की रेस में नहीं हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 11:57 AM IST












