'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली स्पेशल में आएंगे 'रामायण' के सितारे, अमिताभ बच्चन ने सुनाया पटाखों से जुड़ा मजेदार किस्सा

कौन बनेगा करोड़पति के दीपावली स्पेशल में आएंगे रामायण के सितारे, अमिताभ बच्चन ने सुनाया पटाखों से जुड़ा मजेदार किस्सा
फिल्ममेकर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के सितारे रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे जल्द ही अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगे।

मुंबई, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के सितारे रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे जल्द ही अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगे।

इस खास एपिसोड में त्योहार की खुशियों के साथ सितारों के बीच हंसी-मजाक भी देखने को मिलेगा। शो के दौरान अमिताभ ने दीपावली से जुड़ी अपनी एक मजेदार याद साझा की, जिसे सुनकर रणबीर, रवि और साई पल्लवी हंस पड़े।

अमिताभ बच्चन ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ''दीपावली की एक ही याद है कि अगर बगल वाले के यहां बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए।'' उनकी यह बात सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे।

दीपावली स्पेशल एपिसोड का हाल ही में जारी प्रोमो भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इसमें रणबीर कपूर त्योहार की खासियत बताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ''दीपावली का त्योहार, रामायण की कहानी और अपनों के साथ जश्न। इससे खास और क्या हो सकता है? तो आइए, हमारे साथ दीपावली का यह खास जश्न सेलिब्रेट कीजिए 'कौन बनेगा करोड़पति' पर।''

प्रोमो में अमिताभ बच्चन पवनपुत्र हनुमान के सामने झुककर आशीर्वाद लेते भी नजर आते हैं। इसके साथ ही वह दर्शकों के साथ मिलकर 'बोलिए सिया पति रामचंद्र की जय' का जयकारा लगाते दिखाई देते हैं। शो के इस खास एपिसोड में दीपावली के उत्सव के साथ 'रामायण' से जुड़ी भक्ति और आस्था की झलक भी देखने को मिलेगी।

'कौन बनेगा करोड़पति' का दीपावली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।

वहीं, 'रामायण' की बात करें तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म की बाकी स्टार कास्ट में काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

दो भागों में बन रही 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दीपावली 2027 के दौरान रिलीज किए जाने की उम्मीद है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story