'फास्ट पेट्रोल वेसल' सेशेल्‍स की समुद्री सुरक्षा मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम पीएम मोदी

फास्ट पेट्रोल वेसल सेशेल्‍स की समुद्री सुरक्षा मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम  पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) 'लेस्पवार' को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपना दोनों देशों के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ती साझेदारी का एक और अहम कदम है।

विक्टोरिया, 27 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) 'लेस्पवार' को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपना दोनों देशों के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ती साझेदारी का एक और अहम कदम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट करते हुए लिखा, "मैंने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स कोस्ट गार्ड बेस पर फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार, एम्बुलेंस और एसडीएफ (सेशेल्स डिफेंस फोर्स) के लिए यूटिलिटी वाहनों के हस्तांतरण समारोह में हिस्सा लिया।"

उन्होंने कहा, "फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को सौंपना भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उन कई पहलों में से एक है, जिनके जरिए भारत लगातार सेशेल्स की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में उसका साथ दे रहा है।"

भारत में बने इस फास्ट पेट्रोल वेसल के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को छह एम्बुलेंस, दस यूटिलिटी वाहन, और पांच लेजर रेडियल नावें भी सौंपीं। इनका मकसद सेशेल्स की समुद्री निगरानी और उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की सुरक्षा को और मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत को इस बात पर गर्व है कि वह सेशेल्स का एक भरोसेमंद साथी बनकर हर कदम पर उसके साथ खड़ा है। हम दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करने और समुद्री क्षमताओं को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।"

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने और दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के लिए वहां पहुंचे। यह उनकी सेशेल्स की दूसरी सरकारी यात्रा है। इससे पहले इसी साल राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत की सरकारी यात्रा पर आए थे।

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले सेशेल्स के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, "भारत, सेशेल्स का सबसे करीबी और भरोसेमंद विकास साझेदारों में से एक है। भारत ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कई सामुदायिक विकास परियोजनाओं में लगातार सहयोग दिया है। साथ ही दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।"

राष्ट्रपति कार्यालय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। दोनों देशों के बीच 1976 में सेशेल्स की आजादी के बाद से राजनयिक संबंध बने हुए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 11:37 PM IST

Tags

Next Story