'नखरेवाली' की रिलीज डेट का ऐलान, 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी कॉमेडी फिल्म
मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर आनंद एल राय के प्रोडक्शन हाउस की आने वाली फिल्म 'नखरेवाली' की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव स्टारर यह फिल्म 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को एक अलग अंदाज की रोमांटिक कॉमेडी के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसमें प्यार, रिश्तों और लैंगिग समानता से जुड़े मुद्दों को अलग अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है।
फिल्म के मेकर्स ने इसकी घोषणा के साथ एक दिलचस्प पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर पर लिखा है, ''कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है।'' यह लाइन फिल्म की कहानी में होने वाले बदलाव की झलक देती है। आमतौर पर रोमांटिक कहानियों में लड़के को प्यार के लिए कोशिश करते और लड़की को मनाते हुए दिखाया जाता है, लेकिन 'नखरेवाली' में रिश्तों के इसी पारंपरिक ढांचे को अलग नजरिए से पेश करने की कोशिश की गई है।
फिल्म को 'वुमनटिक कॉमेडी' कहा जा रहा है। यह शब्द वुमन और रोमांटिक कॉमेडी को जोड़कर बनाया गया है। फिल्म में कॉमेडी और इमोशन के साथ आज के रिश्तों को समझने और उनमें महिलाओं की भूमिका पर बात की जाएगी। इसके जरिए मेकर्स प्यार और जेंडर रोल्स को लेकर बनी पुरानी सोच पर भी सवाल उठाते दिखेंगे।
'नखरेवाली' का निर्देशन राहुल शंकल्या कर रहे हैं, जो इस फिल्म से बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म की कहानी और स्क्रिप्ट दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। दोनों कलाकार इस फिल्म के जरिए रोमांटिक कॉमेडी की दुनिया में एक नया अंदाज पेश करने की तैयारी में हैं।
'नखरेवाली' को जियो स्टूडियोज, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा के प्रोडक्शन हाउस कलर येलो के बैनर तले बनाया जा रहा है। यह प्रोडक्शन हाउस अपनी फिल्मों में आम जिंदगी से जुड़ी कहानियों के लिए जाना जाता है।
फिल्म की रिलीज डेट सामने आने के बाद अब दर्शकों को इसके ट्रेलर का इंतजार है। अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव की यह फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2026 2:58 PM IST












