असम के कृषि मंत्री ने किसान पंजीकरण 100 प्रतिशत पूरा करने की तय की समय-सीमा

असम के कृषि मंत्री ने किसान पंजीकरण 100 प्रतिशत पूरा करने की तय की समय-सीमा
असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने गुरुवार को धेमाजी जिले में किसानों का 100 प्रतिशत पंजीकरण पूरा करने के लिए 15 जनवरी की समय-सीमा तय की। उन्होंने जिले में कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और नवाचारी खेती परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

गुवाहाटी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने गुरुवार को धेमाजी जिले में किसानों का 100 प्रतिशत पंजीकरण पूरा करने के लिए 15 जनवरी की समय-सीमा तय की। उन्होंने जिले में कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और नवाचारी खेती परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान हजारिका ने एकीकृत खेती (इंटीग्रेटेड फार्मिंग), सन हेम्प (सनई) की खेती और ऑयल पाम परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जिला आयुक्त के सम्मेलन कक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि धेमाजी जिले में अब तक किसानों के पंजीकरण का 83 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है। सभी पात्र किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए हजारिका ने विभाग को 15 जनवरी तक 100 प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने अपनी यात्रा की शुरुआत अरनई चापोरी में की, जहां उन्होंने प्रगतिशील किसान भुवन पेगु द्वारा विकसित 22 बीघा क्षेत्र में फैले एकीकृत फार्म का निरीक्षण किया। इस फार्म में सुपारी, टमाटर, पपीता और अनानास की खेती के साथ-साथ पॉली टैंक में मत्स्य पालन किया जा रहा है।

डेमोव में हजारिका ने सन हेम्प की खेती का भी जायजा लिया और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा हरी खाद को बढ़ावा देने में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

इसके बाद उन्होंने दीपा क्षेत्र में किसानों बामुन इसलारी और दिलीप बोरो द्वारा विकसित ऑयल पाम और बहु-फसली बागवानी खेतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों से बातचीत कर कृषि गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। इनमें अधिक किसान उत्पादक कंपनियों (एफपीसी) का गठन और नियमित रूप से खेत बचाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है।

उन्होंने विभाग को ऑयल पाम खेती के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक भूमि की पहचान की प्रक्रिया तेज करने तथा मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य और कृषि विभागों की संयुक्त बैठकें आयोजित करने को भी कहा।

हजारिका ने कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत सहायता प्राप्त करने में स्थानीय कृषि उद्यमियों को आ रही समस्याओं को दूर करने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान कई किसानों को धान खरीद प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

इस दौरे में कैबिनेट मंत्री राणोज पेगु, सांसद प्रदान बरुआ और विधायक भुवन पेगु तथा जीवन गोगोई भी हजारिका के साथ मौजूद रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story