असम में सत्ता में वापस आने के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 31 मार्च (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने मंगलवार को तिनसुकिया में चुनाव प्रचार तेज किया। इस दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर भाजपा सत्ता में वापस आती है, तो बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए सैकिया ने कहा कि अगर हमारी सरकार सत्ता में वापस आती है, तो अतिक्रमण हटाने का एक सख्त अभियान चलाया जाएगा। 'मिया' बसने वालों के कब्जे वाली सारी जमीन खाली कराई जाएगी।
असम भाजपा अध्यक्ष की यह टिप्पणी विधानसभा चुनाव से पहले तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी के बीच आई है। इससे पहले, सैकिया ने मंगलवार को तिनसुकिया के मानव कल्याण भवन में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की।
इस दौरान मतदाताओं से उन्होंने भाजरा उम्मीदवार पुलक गोहेन की जबरदस्त जीत सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही, उनके समर्पण और जमीनी जुड़ाव की तारीफ की। सैकिया ने कहा कि हमें समर्पित और ईमानदार नेतृत्व की जरूरत है। पुलक गोहेन ने लोगों की भलाई के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे उन्हें भारी बहुमत से समर्थन दें।
वहीं, कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप भाजपा नेता ने उनकी अवास्तविक गारंटियों की आलोचना की। उन्होंने इसकी तुलना भाजपा सरकार के काम-काज से की और पिछले कुछ सालों में असम में लागू की गई कई प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। सैकिया ने दावा किया कि पूरे प्रदेस में भाजपा को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले राज्य चुनावों में मजबूत जनादेश हासिल करेगी।
तिनसुकिया में यह चुनावी अभियान ऊपरी असम में भाजपा की व्यापक जनसंपर्क रणनीति का हिस्सा है। यह क्षेत्र पार्टी की चुनावी संभावनाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता चुनाव से पहले समर्थन जुटाने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विधानसभा क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। जैसे-जैसे राजनीतिक प्रचार जोर पकड़ रहा है, सैकिया जैसे नेताओं के बयानों से राज्य में चुनावी मुकाबला और भी तेज होने की उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 11:37 PM IST












