असम सीएम हिमंता बोले- 'सेवा सेतु' से लोगों की उंगलियों पर पहुंच रही सरकारी सेवाएं
गुवाहाटी, 3 जुलाई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार 'सेवा सेतु' प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों तक आसानी से सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है। यह प्लेटफॉर्म राज्य में डिजिटल पब्लिक सर्विस डिलीवरी की सबसे बड़ी पहलों में से एक बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हम लोगों तक आसानी से सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। 'सेवा सेतु' के जरिए असम सरकार 800 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध करा रही है। नागरिकों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में उठाए गए इस बड़े कदम के तहत प्लेटफॉर्म से अब तक 1.5 करोड़ से अधिक सेवाएं दी जा चुकी हैं।"
मुख्यमंत्री की ओर से शेयर जानकारी के अनुसार, 'सेवा सेतु' ने 47 सरकारी विभागों और तीन स्वायत्त छठी अनुसूची परिषदों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया है। इससे नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.5 करोड़ से अधिक आवेदन आए और सेवा निस्तारण दर 90 प्रतिशत से अधिक है, जो पूरे राज्य में सार्वजनिक सेवाओं में बेहतर कार्यक्षमता को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पोर्टल के माध्यम से 94,000 से अधिक जन शिकायतों का समाधान किया गया है और कुल शिकायत निवारण दर 86 प्रतिशत रही है।
राज्य के डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के हिस्से के तौर पर 'सेवा सेतु' को डिजिलॉकर के साथ पूरी तरह से एकीकृत कर दिया गया है, जिससे उपयोगकर्ता अपने आधिकारिक दस्तावेजों को ऑनलाइन सुरक्षित रूप से प्राप्त और स्टोर कर सकते हैं।
यह प्लेटफॉर्म 'उमंग' मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी उपलब्ध है, जिससे नागरिक अपने स्मार्टफोन का इस्तेमाल करके सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल 'डिजिटल इंडिया' के विजन के साथ जुड़ी हुई है और इसका मकसद सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित बनाकर जीवन को आसान बनाना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 11:49 AM IST












