ओडिशा बीजेडी ने गंजम में बाढ़ के लिए जलाशय प्रबंधन में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया

ओडिशा बीजेडी ने गंजम में बाढ़ के लिए जलाशय प्रबंधन में लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया
विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) ने सोमवार को राज्य सरकार पर हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि चक्रवात अर्नब के कारण हुई भारी बारिश के बाद गंजम जिले में आई बाढ़ के लिए सरकार की लापरवाही जिम्मेदार है।

भुवनेश्वर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) ने सोमवार को राज्य सरकार पर हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि चक्रवात अर्नब के कारण हुई भारी बारिश के बाद गंजम जिले में आई बाढ़ के लिए सरकार की लापरवाही जिम्मेदार है।

बीजद ने आरोप लगाया कि ओडिशा सरकार और जल संसाधन विभाग की तैयारी में कमी के कारण राज्य में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति पैदा हुई।

बीजद ने कहा कि गंजाम, कंधमाल और गजपति जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं और लाखों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन अभी तक कई प्रभावित लोगों तक पहुंचने में नाकाम रहा है।

बीजेडी नेता और पूर्व नौकरशाह सुजाता राउत कार्तिकेयन ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चक्रवात को लेकर 23 अक्टूबर को ही चेतावनी जारी कर दी गई थी। इसमें 27 से 29 अक्टूबर के बीच दक्षिण ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई गई थी। गंजाम और गजपति जिलों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि 28 अक्टूबर को भंजनगर, सोरडा और धनेई जलाशय लगभग 80 प्रतिशत तक भर चुके थे। भारी बारिश के बाद अचानक जल प्रवाह बढ़ने पर इनके गेट खोल दिए गए लेकिन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से कोई चेतावनी नहीं दी गई।

उन्होंने कहा, "इसके कारण गंजम के लोगों पर भीषण आपदा टूट पड़ी। अभूतपूर्व बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। दुर्भाग्य से उस गलत फैसले ने लाखों लोगों को अपार दुख और भारी नुकसान पहुंचाया।"

कार्तिकेयन ने कहा कि रुषिकुल्या नदी बेसिन में कई मध्यम आकार के जलाशयों के अलावा सैकड़ों लघु सिंचाई परियोजनाएं, डायवर्जन वीयर और चेक डैम मौजूद हैं।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "फिर इनसे पहले ही आवश्यक मात्रा में पानी क्यों नहीं छोड़ा गया? बाढ़ या चक्रवात जैसी स्थिति से निपटने के दौरान यह जल संसाधन विभाग की सामान्य प्रक्रिया होती है। ऐसी अक्षम्य लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है? इस मानव निर्मित पीड़ा का जिम्मेदार कौन है? क्या भाजपा सरकार लाखों लोगों की परेशानी का जवाब देगी?"

बीजद ने आरोप लगाया कि समय रहते उचित जल प्रबंधन नहीं किए जाने और जलाशयों से नियंत्रित तरीके से पानी नहीं छोड़े जाने के कारण बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story