उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, 9 सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, 9 सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा, वह राज्य के युवाओं से संवाद करेंगे और पूर्व सैनिकों तथा पंजाबी समुदाय द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष राज्य पदाधिकारियों और राज्य कोर कमेटी के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने के साथ-साथ जनता से भाजपा के संपर्क को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन 9 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे नैनीताल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे हल्द्वानी में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और राज्यभर में बूथ स्तर तक पार्टी गतिविधियों को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

बुधवार की शाम को वह हल्द्वानी में भाजपा के राज्य पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और राज्य कोर कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में आगामी चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी।

दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन हल्द्वानी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह 'युवा संवाद' कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से बातचीत करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष हल्द्वानी में शहीद स्मारक का दौरा भी करेंगे। इसके अलावा, वह पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे और रुद्रपुर में आयोजित 'पंजाबी गौरव सम्मेलन' को संबोधित करेंगे।

बता दें कि उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटी हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 11:31 PM IST

Tags

Next Story