वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत
हनोई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने बताया कि हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलटने की दुखद घटना हुई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा खोज एवं बचाव अभियान जारी है और घटना के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं।"
पीड़ित परिवारों की सहायता और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास (हो ची मिन्ह सिटी) में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। इसके अलावा हनोई में भी एक अलग नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।
स्थानीय समाचार वेबसाइट वीएनएक्सप्रेस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ, जब ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह पलट गई।
आसपास मौजूद कई पर्यटक नौकाएं तुरंत बचाव के लिए मौके पर पहुंचीं। एन थोई पोर्ट बॉर्डर गार्ड स्टेशन के अनुसार, हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। वहीं, बचाए गए 21 लोगों को आपात चिकित्सा उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है।
बचाव अभियान के लिए बॉर्डर गार्ड स्टेशन ने 35 अधिकारियों और जवानों के साथ दो जहाज तैनात किए हैं। नौसेना और तटरक्षक बल भी राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
फु क्वोक के पास स्थित मे रुट न्गोआई द्वीप कोरल रीफ डाइविंग के लिए प्रसिद्ध है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर 20 से 40 मिनट की स्पीडबोट या नाव यात्रा करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 5:12 PM IST












