कार धमाके में रूस की प्रमुख ड्रोन निर्माता कंपनी के सीईओ घायल, आईसीयू में भर्ती
मॉस्को, 5 अगस्त (आईएएनएस)। रूस की एक प्रमुख सैन्य ड्रोन निर्माता कंपनी 'यूरालड्रोनजावोड' के सीईओ व्लादिमीर त्काचुक मंगलवार देर रात एक कार विस्फोट घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। रूसी समाचार एजेंसी 'टास' ने बुधवार को आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।
यूरालड्रोनजावोड रूस की एक पूर्ण-स्तरीय ड्रोन निर्माण कंपनी है, जिसे त्काचुक ने 2023 में एक स्टार्टअप के रूप में शुरू किया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कंपनी छोटे ड्रोन से लेकर भारी वजन उठाने वाले मल्टीकॉप्टर और फिक्स्ड-विंग ड्रोन तक कई प्रकार की ड्रोन प्रणालियों का डिजाइन और निर्माण करती है।
यह घटना उस कथित हमले के एक सप्ताह बाद हुई है, जिसमें रूस के पश्चिमी शहर तुला की एक आवासीय इमारत के अंदर 'ओवोद' ड्रोन श्रृंखला के मुख्य डिजाइनर और डेवलपर आंद्रे चेरेजोव पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी।
हाल के दिनों में रूस और यूक्रेन के बीच हमलों में तेजी आई है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बुधवार सुबह बताया कि मॉस्को पर यूक्रेन की ओर से बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया गया, जिसमें 190 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए।
हालांकि मॉस्को प्रशासन ने किसी भी तरह के जनहानि या बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की पुष्टि नहीं की है।
उड़ानों की सुरक्षा को देखते हुए रूस की राजधानी के वनुकोवो, शेरेमेत्येवो और डोमोदेदोवो हवाई अड्डों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए।
क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के अनुसार, मंगलवार सुबह मॉस्को क्षेत्र पर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हुई और छह अन्य घायल हो गए। वहीं, सोमवार को रूसी स्थानीय अधिकारियों ने बताया था कि रूस के कई क्षेत्रों पर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमलों में 10 लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हो गए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Aug 2026 10:10 PM IST












