छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 आईएफएस अधिकारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 आईएफएस अधिकारियों के तबादले
छत्तीसगढ़ सरकार ने शनिवार को वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों का तबादला किया है।

रायपुर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने शनिवार को वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों का तबादला किया है।

जारी आदेश के अनुसार, गणवीर धम्मशील को बलौदाबाजार जिले से स्थानांतरित कर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, उत्तम कुमार गुप्ता को इंद्रावती टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक बनाया गया है।

दुलेश्वर प्रसाद साहू को मनेन्द्रगढ़ वन मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पंकज राजपूत को रायपुर का नया उप वन संरक्षक नियुक्त किया गया है। प्रभाकर खलखो को सरगुजा वर्किंग प्लान डिवीजन का प्रभारी वन संरक्षक बनाया गया है।

नया रायपुर स्थित महानदी भवन से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों की नियुक्तियां अगले आदेश तक अस्थायी रूप से की गई हैं।

संजीव बाला को इंद्रावती टाइगर रिजर्व से पूर्व मनेन्द्रगढ़ डिवीजन भेजा गया है, जबकि मयंक पांडेय का तबादला महासमुंद से गरियाबंद किया गया है। सत्यदेव शर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम से धमतरी में डीएफओ के पद पर भेजा गया है।

अन्य महत्वपूर्ण बदलावों में ओमप्रकाश सुंडी को महासमुंद, जितेंद्र कुमार उपाध्याय को कटघोरा और संजय यादव को राज्य वन विकास निगम से वापस खैरागढ़ भेजा गया है। कुमार निशांत को मरवाही में पदस्थ किया गया है, जबकि पंकज कुमार कमल को नया रायपुर स्थित निगम से वापस बलौदाबाजार भेजा गया है।

इसके अलावा पुष्पलता टंडन को सरगुजा-बिलासपुर की डीएफओ, लोकनाथ पटेल को सरगुजा-अंबिकापुर तथा शशिनंदन के. को कांकेर में पदस्थ किया गया है। अभिषेक सोगावत को पदोन्नत कर नया रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ का महाप्रबंधक बनाया गया है। रणक गोयल को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख के कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

ग्रीष्मी चंद को राज्य वन विकास निगम भेजा गया है, जबकि चंद्रशेखर शंकर सिंह परदेशी को कोरिया का डीएफओ बनाया गया है। दीपेश कपिल को बस्तर-जगदलपुर और चंद्र कुमार अग्रवाल को दुर्ग भेजा गया है। कृष्ण जैन को राज्य वन विकास निगम तथा विपुल अग्रवाल को सूरजपुर में पदस्थ किया गया है।

यह फेरबदल वर्ष 2013 से 2022 बैच के अधिकारियों को ध्यान में रखकर किया गया है। सरकार का उद्देश्य वन मंडलों, टाइगर रिजर्व और विभाग की विभिन्न इकाइयों में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2026 9:26 PM IST

Tags

Next Story