कांग्रेस ने सीपीआई(एम) समर्थित टीवी चैनल के खिलाफ चुनाव आयोग और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
अलाप्पुझा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने चुनाव आयोग और पुलिस में शिकायत दर्ज कर सीपीआई(एम) समर्थित एक मीडिया टीवी चैनल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चैनल ने पार्टी के महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल की एक मॉर्फ्ड और मानहानिकारक तस्वीर प्रसारित की है।
कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन अभिषेक सिंघवी ने चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कर कहा कि इस तस्वीर को डिजिटल तरीके से इस तरह बदला गया है, जिससे यह लगे कि केसी वेणुगोपाल पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि तस्वीर में जानबूझकर एक हरा गोला (ग्रीन सर्कल) लगाया गया, ताकि गलत संदेश को और मजबूत किया जा सके और जनता की धारणा को प्रभावित किया जा सके।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले को चुनाव से पहले वेणुगोपाल की छवि खराब करने की सुनियोजित साजिश बताया है। पार्टी का कहना है कि इस तरह की सामग्री का प्रसार आचार संहिता का उल्लंघन है और यह चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाता है।
अभिषेक सिंघवी ने चुनाव आयोग से इस मामले में तुरंत जांच शुरू करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस फर्जी तस्वीर को व्हाट्सऐप, फेसबुक और एक्स समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए।
इसी बीच, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एए शुकूर ने अलप्पुझा नॉर्थ पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जालसाजी, वैमनस्य फैलाने और आपराधिक साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं, साथ ही आईटी एक्ट की धारा 66 का भी हवाला दिया गया है।
एए शुकूर ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भटकाने और विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने की बड़ी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस इस मामले को कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तर पर मजबूती से उठाएगी।
गौरतलब है कि केरल में 9 अप्रैल को 140 सीटों के लिए मतदान होना है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 2:51 PM IST










