दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी से की 1 नवंबर की रैली टालने की अपील

दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी से की 1 नवंबर की रैली टालने की अपील
दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (डीडीटीए) ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली स्थगित करने की अपील की है। एसोसिएशन ने यह अपील मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने के बाद की है। डीडीटीए के सचिव आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की चिंताओं और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रैली पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (डीडीटीए) ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली स्थगित करने की अपील की है। एसोसिएशन ने यह अपील मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने के बाद की है। डीडीटीए के सचिव आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की चिंताओं और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रैली पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

पत्र में ग्रोवर ने लिखा, "जिस तरह कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण आज आयोजित होने वाले मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम को स्थगित किया गया है, उसी तरह मैं आपसे 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को भी स्थगित करने का अनुरोध करता हूं।"

एसोसिएशन ने लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और उनकी गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया। पत्र में कहा गया कि संसद, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का लोकतंत्र में अपना विशेष महत्व और सम्मान है।

पत्र के अनुसार, "जब कोई मामला पहले से ही न्यायिक विचाराधीन है और संबंधित पक्षों ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपने जवाब और हलफनामे दाखिल कर दिए हैं, तो राजनीतिक टकराव और सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताना अधिक उचित और जिम्मेदार कदम होगा।"

डीडीटीए ने राष्ट्रीय राजधानी में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों, धरनों और रैलियों के कारण व्यापारिक गतिविधियों, यातायात और आम लोगों की सुविधा पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई। एसोसिएशन ने कहा कि दिल्ली के व्यापारिक समुदाय ने लगातार हो रहे प्रदर्शनों और रैलियों से कारोबार, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और लाखों लोगों की आजीविका पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

पत्र में कहा गया कि व्यापारी, दुकानदार, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, छोटे कारोबारी और दिहाड़ी मजदूर पहले ही काफी आर्थिक नुकसान झेल चुके हैं। ऐसे में त्योहारों और शादी-ब्याह के महत्वपूर्ण सीजन के दौरान व्यापारिक गतिविधियों में बाधा आने से स्थिति और खराब हो सकती है।

एसोसिएशन ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लोकतांत्रिक अधिकार बताया, लेकिन साथ ही कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों की वजह से आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और न ही शहर की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ना चाहिए। मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने का उदाहरण देते हुए ग्रोवर ने राहुल गांधी से भी इसी तरह की जिम्मेदारी दिखाने और 1 नवंबर की रैली टालने की अपील की।

पत्र के अंत में कहा गया, "यह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने और राजनीतिक हितों से ऊपर दिल्ली के लाखों नागरिकों तथा व्यापारियों के हितों को रखने का अवसर है। मुझे उम्मीद है कि आप दिल्ली के व्यापार, रोजगार और जनजीवन के व्यापक हित में इस अपील पर सकारात्मक विचार करेंगे और रैली स्थगित करने की घोषणा करेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story