दिल्ली सरकार ने एलपीजी स्टॉक की जांच और कालाबाजारी रोकने को 70 टीमें गठित कीं

दिल्ली सरकार ने एलपीजी स्टॉक की जांच और कालाबाजारी रोकने को 70 टीमें गठित कीं
दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को कहा कि शहर में रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।

नई दिल्‍ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को कहा कि शहर में रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बताया कि गैस की कालाबाजारी रोकने और स्टॉक की जांच के लिए सरकार ने 70 टीमों का गठन किया है।

मंत्री ने कहा कि इन टीमों में पुलिस, वेट्स एंड मेजर्स विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी शामिल हैं। ये टीमें बाजारों की निगरानी कर रही हैं, गैस के स्टॉक की जांच कर रही हैं और जमाखोरी या गलत तरीके से गैस बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं।

सिरसा ने जमाखोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अवैध गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की और कहा कि कुछ विपक्षी लोग बेवजह डर का माहौल बना रहे हैं, जिससे सिर्फ कालाबाजारी करने वालों को फायदा मिलता है।

उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों में आपूर्ति से जुड़ी वैश्विक समस्याओं और अफवाहों की वजह से कुछ जगहों पर लोग घबराकर ज्यादा गैस खरीदने लगे हैं। मंत्री ने कहा कि पहले भी नोटबंदी और कोविड के समय इस तरह की गलत सूचनाएं फैलाई गई थीं, लेकिन इस बार भी जनता समझदारी दिखा रही है।

सिरसा ने कहा कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की बिक्री भी शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) के साथ मिलकर की गई है, जिससे अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, रेस्टोरेंट और डेयरी जैसे जरूरी क्षेत्रों को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि औसतन रोजाना की जरूरत का करीब 20 प्रतिशत यानी लगभग 1,800 कमर्शियल सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए 19 किलो वाले सिलेंडरों के जरिए नियंत्रित वितरण किया जाएगा और बुकिंग 'पहले आओ–पहले पाओ' के आधार पर होगी, ताकि जमाखोरी न हो और सभी को बराबर मौका मिले।

सिरसा ने कहा कि संयुक्त जांच टीमें इस व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं, ताकि कमर्शियल उपयोगकर्ताओं को भी गैस मिलती रहे और घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके।

उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की निगरानी सीएम रेखा गुप्‍ता खुद कर रही हैं और रोजाना स्थिति की समीक्षा कर रही हैं।

मंत्री ने कहा, “घबराने की कोई जरूरत नहीं है। गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। हम हर घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए मौजूद हैं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की सतर्कता से गैस की आपूर्ति भरोसेमंद बनी हुई है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 11:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story