दिल्ली एलजी ने सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं पर जताई चिंता

दिल्ली एलजी ने सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं पर जताई चिंता
दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने रविवार को शहर के निवासियों और राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले आगंतुकों से दुर्घटनाओं, जाम से बचने और प्रदूषण को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने रविवार को शहर के निवासियों और राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले आगंतुकों से दुर्घटनाओं, जाम से बचने और प्रदूषण को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

संधू ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा कि सामूहिक प्रयासों से जाम मुक्त और सुरक्षित शहर बनाने में मदद मिल सकती है। सड़कों पर व्यवस्था बनाए रखने की उनकी अपील शनिवार की रात पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में हुई दुर्घटना के मद्देनजर आई है, जिसमें तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को मार डाला था।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "दिल्ली के सभी निवासियों और यहां आने वाले लोगों से मेरी हार्दिक अपील है कि वे राष्ट्रीय राजधानी को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यातायात वाला शहर बनाने में दिल्ली ट्रैफिर पुलिस के साथ सहयोग करें।"

उन्होंने कहा, "यातायात नियमों का पालन करने से न केवल सड़कों पर ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है, बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने में भी सहायता मिलती है। ऐसा करना दिल्ली और उसके निवासियों के हित में है और यह हमारी मूलभूत जिम्मेदारी है।"

संधू ने यातायात नियमों और सुरक्षा के बीच संबंध पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि आप गलत दिशा में गाड़ी चलाने, लाल बत्ती पार करने और जान जोखिम में डालने वाले तरीकों से सड़क पार करने से बचें। वाहनों की उचित पार्किंग, साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न सिर्फ सुचारू यातायात के लिए, बल्कि हमारे प्रियजनों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।"

उन्होंने नागरिकों को यातायात पुलिस के नवीनतम ऐप पर ट्रैपिक रूल्स के उल्लंघन की रिपोर्ट करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "मैंने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को राष्ट्रीय राजधानी में सख्त प्रवर्तन के अभियान को और अधिक विस्तारित करने का निर्देश दिया है। इस सड़क सुरक्षा अभियान को मजबूत करने में आपकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। आप सभी ट्रैफिक प्रहरी ऐप के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट कर सकते हैं और अपनी सतर्कता के लिए पुरस्कार अर्जित कर सकते हैं।"

संधू ने आगे कहा, "अगर हम सब मिलकर यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लें तो जाम-मुक्त और सुरक्षित दिल्ली का निर्माण संभव है। एक सुंदर और सुव्यवस्थित राजधानी के निर्माण में मैं आप सभी के संयुक्त प्रयासों और सहयोग की अपेक्षा करता हूं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 May 2026 5:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story