राजस्थान से दिल्ली पुलिस ने दो चेन स्नैचर गिरफ्तार किए, दोनों पर 82 आपराधिक मामले दर्ज

राजस्थान से दिल्ली पुलिस ने दो चेन स्नैचर गिरफ्तार किए, दोनों पर 82 आपराधिक मामले दर्ज
दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला पुलिस ने नजफगढ़ इलाके में चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो आरोपियों को राजस्थान के खाटू श्याम से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुल 82 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग के 36 और चोरी के 20 मामले दर्ज हैं।

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला पुलिस ने नजफगढ़ इलाके में चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो आरोपियों को राजस्थान के खाटू श्याम से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुल 82 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ चेन स्नैचिंग के 36 और चोरी के 20 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटर और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन सोनी उर्फ भोला (24), निवासी विष्णु गार्डन, ख्याला और हर्ष उर्फ अक्षय (22), निवासी बेगम बाग, केशोपुर मंडी, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, राजन सोनी के खिलाफ कुल 66 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चेन स्नैचिंग के 36, चोरी के 20, आर्म्स एक्ट के सात, लूट का एक और अन्य अपराधों से संबंधित दो मामले शामिल हैं। वहीं, हर्ष के खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज हैं। इनमें चेन स्नैचिंग और चोरी के 11, लूट या हथियार के साथ लूट का एक, आर्म्स एक्ट का एक तथा धोखाधड़ी और जालसाजी के तीन मामले शामिल हैं।

द्वारका पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि चेन स्नैचिंग, वाहन चोरी, शराब तस्करी और अवैध शराब की सप्लाई में शामिल अपराधियों की पहचान, तलाश और गिरफ्तारी के लिए एंटी-पीओ एंड जेल बेल सेल की विशेष टीम गठित की गई थी।

17 नवंबर को जय विहार इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध राजस्थान के खाटू श्याम जी गए हैं और मंदिर के पास एक होटल एवं रेस्तरां में ठहरे हुए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की मंजूरी के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की। वहां संदिग्धों के हुलिये से मेल खाते दो लोगों को देखकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूछताछ की। उनकी पहचान राजन सोनी और हर्ष के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान दोनों ने 2 नवंबर को हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उस दिन दोनों स्कूटर से पहुंचे थे और सड़क किनारे खड़ी एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों आरोपियों को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियों और गलत आदतों के कारण वे अपराध की दुनिया में आ गए। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story