गांव से अंतरिक्ष तक के सपने की कहानी दिखाएगी 'आकाशमलो ओका तारा', 20 नवंबर को रिलीज होगी दुलकर सलमान की फिल्म
हैदराबाद, 17 सितंबर (आईएएनएस)। निर्देशक पवन सादिनेनी की आगामी फिल्म 'आकाशमलो ओका तारा' के निर्माताओं ने गुरुवार को घोषणा की कि फिल्म इस वर्ष 20 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें अभिनेता दुलकर सलमान और सात्विका वीरावल्ली मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये फिल्म एक ऐसी लड़की के सपने की कहानी है, जो एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना देखती है।
गुरुवार को प्रोडक्शन हाउस स्वप्ना सिनेमाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में रिलीज डेट शेयर करते हुए लिखा, ''सितारों तक का सफर शुरू… 'आकाशमलो ओका तारा' 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हमारे साथ आइए... एक खूबसूरत दुनिया आपका इंतजार कर रही है।''
इस ऐलान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
फिल्म मेकर्स ने कुछ समय पहले सात्विका के किरदार से दर्शकों को रूबरू कराया था। गीता आर्ट्स ने सोशल मीडिया पर उनका इंट्रोडक्शन वीडियो शेयर किया था, जिसमें उनकी कहानी की झलक दिखाई गई थी। वीडियो की शुरुआत एक बच्ची से होती है, जो आसमान की ओर देखकर सवाल करती है कि वह अंतरिक्ष में कैसे जा सकती है। इसके बाद सात्विका के किरदार को दिखाया जाता है, जो एक ग्रामीण इलाके से आती है और उसके मन में अंतरिक्ष में जाने का सपना है।
वीडियो में एक पुरुष की आवाज सुनाई देती है, जो उसके गांव और हालात का जिक्र करते हुए कहता है कि जिस गांव में सड़क तक नहीं है, वहां से वह अंतरिक्ष में जाने का सपना देख रही है। पहले गांव की सीमा पार करके दिखाओ।
इस छोटे से वीडियो से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी एक लड़की के सपने, उसके संघर्ष और लक्ष्य तक पहुंचने की कोशिश के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देगी।
'आकाशमलो ओका तारा' का संगीत दो बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। वहीं, फिल्म की सिनेमैटोग्राफी सुजीत सारंग ने की है।
फिल्म का निर्माण लाइट बॉक्स मीडिया के बैनर तले संदीप गुन्नम और रम्या गुन्नम कर रहे हैं। वहीं, गीता आर्ट्स और स्वप्ना सिनेमा इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। यह 20 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Sept 2026 2:50 PM IST












