जयशंकर और इथियोपिया के विदेश मंत्री के बीच वार्ता; व्यापार, निवेश और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में अपने समकक्ष गेडियन तिमोथेवोस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने शिक्षा, संस्कृति, व्यापार, निवेश और डिजिटल क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।
दोनों विदेश मंत्रियों ने वैश्विक घटनाक्रम, बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और भारत-अफ्रीकी संघ की साझेदारी को आगे बढ़ाने के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
इथियोपिया के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों मंत्रियों ने शिक्षा एवं संस्कृति, व्यापार एवं निवेश और डिजिटलाइजेशन के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने के तरीकों पर चर्चा की। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय विदेश मंत्री ने भारत की मेजबानी में हाल ही में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की प्रभावशाली भागीदारी की सराहना भी की।
जयशंकर ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच रणनीतिक साझेदारी साझा मूल्यों, समान आकांक्षाओं और ऐतिहासिक दक्षिण-दक्षिण एकजुटता पर आधारित है।
विदेश मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “इथियोपिया के विदेश मंत्री गेडियन तिमोथेवोस से अदीस अबाबा में मुलाकात करके प्रसन्नता हुई। भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी हमारे साझा मूल्यों, समान आकांक्षाओं और ऐतिहासिक दक्षिण-दक्षिण एकजुटता पर आधारित है।”
उन्होंने बताया कि बैठक में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए व्यापक चर्चा हुई। इसमें व्यापार, निवेश, विकास परियोजनाओं से लेकर बुनियादी ढांचे, समुद्री क्षेत्र, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा, दोनों पक्षों ने वैश्विक घटनाक्रम, बहुपक्षीय सहयोग और भारत-अफ्रीकी संघ की साझेदारी को मजबूत करने पर भी विचार साझा किए।
इससे पहले शुक्रवार को जयशंकर इथियोपिया पहुंचे। उन्होंने वहां पहुंचने पर रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत और सहयोगपूर्ण बैठकों की उम्मीद जताई। इथियोपिया पहुंचने पर इथियोपिया के राज्य मंत्री बेरहानु त्सेगाये ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
जयशंकर ने एक्स पर लिखा, “हैलो अदीस अबाबा! इथियोपिया पहुंचकर प्रसन्नता हुई। गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए राज्य मंत्री बेरहानु त्सेगाये का धन्यवाद। अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत की प्रतीक्षा है।”
त्सेगाये ने भी उम्मीद जताई कि जयशंकर की यात्रा के दौरान होने वाली चर्चाएं भारत और इथियोपिया के बीच बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अदीस अबाबा की यात्रा के दौरान जयशंकर इथियोपिया के नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें दोनों देशों की साझा रुचि है।
इसके अतिरिक्त, जयशंकर अदीस अबाबा में क्षेत्रीय प्रमुखों के मिशन सम्मेलन (रीजनल हेड्स ऑफ मिशन कॉन्फ्रेंस) की अध्यक्षता भी करेंगे। जयशंकर ने इथियोपिया पहुंचने से पहले कोट डी'आइवर की अपनी यात्रा पूरी की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 5:39 PM IST












