कुवैत की उत्तरी सीमा पर इराकी ड्रोन का हमला, दो चौकियों को बनाया गया निशाना

कुवैत की उत्तरी सीमा पर इराकी ड्रोन का हमला, दो चौकियों को बनाया गया निशाना
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इराक से आए विस्फोटक ड्रोन ने देश की उत्तरी सीमा पर बने दो चौकियों (पोस्ट) को निशाना बनाया।

कुवैत, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इराक से आए विस्फोटक ड्रोन ने देश की उत्तरी सीमा पर बने दो चौकियों (पोस्ट) को निशाना बनाया।

मंत्रालय के बयान में कहा गया, “शुक्रवार सुबह कुवैत के उत्तरी जमीनी सीमा के दो केंद्रों पर दो फाइबर-ऑप्टिक वायर से कंट्रोल होने वाले विस्फोटक ड्रोन से हमला किया गया। ये ड्रोन इराक से आए थे। इस हमले में सिर्फ सामान का नुकसान हुआ है, किसी की जान नहीं गई।”

मंत्रालय ने यह भी कहा कि घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने तुरंत जरूरी कदम उठाए और स्थिति को संभाल लिया।

गुरुवार को कुवैत के नागरिक उड्डयन के महानिदेशक शेख हमूद मुबारक हमूद अल-सबह ने घोषणा की थी कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरस्पेस फिर से खोल दिया गया है। यह एयरस्पेस 28 फरवरी से क्षेत्र में चल रही स्थितियों के कारण एहतियातन बंद किया गया था।

'कुवैत टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, बाद में पब्लिक अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने बताया कि एयरपोर्ट के टर्मिनल चार और पांच रविवार से कुछ खास जगहों के लिए फिर से शुरू किए जाएंगे। शेख हमूद ने कहा कि यह फैसला स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर लिया गया है, ताकि उड़ानें पूरी सुरक्षा और सावधानी के साथ दोबारा शुरू हो सकें। यह पूरी प्रक्रिया धीरे-धीरे एयरपोर्ट को पूरी तरह चालू करने की योजना का हिस्सा है।

उन्होंने यह भी बताया कि ईरान और उससे जुड़े हथियारबंद समूहों के हमलों की वजह से एयरपोर्ट की कुछ सुविधाओं को नुकसान पहुंचा था, जिसकी जांच पूरी कर ली गई है और मरम्मत का काम जारी है। शुरुआत में कुछ टर्मिनलों से ही उड़ानें चलाई जाएंगी और हालात के हिसाब से धीरे-धीरे इसे बढ़ाया जाएगा।

इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में इराक के एक सशस्त्र गुट 'सराया औलिया अल-दम' ने कुवैत, जॉर्डन और सीरिया में हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी।

दस अप्रैल को कुवैत की सेना ने बताया था कि 24 घंटे के अंदर कुवैती हवाई क्षेत्र में सात दुश्मन ड्रोन देखे गए, जिन्हें सेना ने रोक लिया। सेना के प्रवक्ता ने कहा था, ''ईरान के हमलों में नेशनल गार्ड की कई अहम जगहों को निशाना बनाया गया, जिससे कुछ जवान घायल हुए। उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। साथ ही काफी सामान का नुकसान भी हुआ है।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 9:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story