पश्चिम बंगाल मेडिकल छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिला, परिवार को हत्या का शक
कोलकाता, 27 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र पुलक हलदर के परिवारवालों ने दावा किया है कि उसकी हत्या की गई है। बता दें कि पुलक हलदर की सड़ी-गली लाश हॉस्टल के कमरे से मिली थी।
मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि मेडिकल छात्र के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा और उसके बाद ही मौत के पीछे कारणों का पता चल पाएगा।
मृतक मेडिकल छात्र के पिता सुधांशु हलदर के मुताबिक, उनके बेटे के शरीर पर कई चोटें और कट के निशान पाए गए, जिससे उन्हें मर्डर का शक हुआ।
उन्होंने आगे बताया, ''यह निश्चित रूप से यह स्वाभाविक मृत्यु का मामला नहीं है। हम इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। मैं नहीं चाहता कि मेरे बेटे की मौत की जांच का भी वही हश्र हो जो 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की एक जूनियर डॉक्टर के साथ हुए जघन्य बलात्कार और हत्या के मामले का हुआ था।"
परिवार के एक रिश्तेदार उत्तम मंडल ने बताया कि पुलक हलदर न केवल मेधावी और मेहनती युवा था, बल्कि बेहद विनम्र स्वभाव का भी था। उन्होंने कहा, "मैंने भी उसके चेहरे और पेट पर चोट और कट के निशान देखे हैं। इसलिए, उसकी मृत्यु से पहले उस पर हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मुझे उम्मीद है कि इस मामले की निष्पक्ष और उचित जांच होगी।"
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुलक को आखिरी बार 20 फरवरी को हॉस्टल कैंटीन में खाना खाने जाते हुए देखा गया था। तब से वह हॉस्टल परिसर से बाहर नहीं निकला था और न ही उसे किसी साथी छात्र या हॉस्टल अधिकारियों ने देखा था।
गुरुवार (26 फरवरी) को उसके छात्रावास के कमरे से दुर्गंध आने लगी। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़कर खोला गया और उसका सड़ा शव बरामद हुआ।
उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिस को यह भी बताया है कि पुलक से उनकी आखिरी टेलीफोन पर बातचीत 20 फरवरी को हुई थी, जो कि उसके लापता होने का दिन है।
परिवार के सदस्यों ने यह भी दावा किया है कि अतीत में, आरजी कर बलात्कार और हत्या कांड से संबंधित विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलक ने अन्य छात्रों द्वारा धमकाने की शिकायत की थी। यह भी आरोप लगाया गया है कि उसे कॉलेज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Feb 2026 1:28 PM IST












