कोलकाता में संदिग्ध जमीन विवाद में पिता-पुत्र की धारदार हथियार से हत्या, मां की हालत गंभीर

कोलकाता में संदिग्ध जमीन विवाद में पिता-पुत्र की धारदार हथियार से हत्या, मां की हालत गंभीर
पश्चिम बंगाल के कोलकाता के बाहरी इलाके न्यू टाउन में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संदिग्ध जमीन विवाद में पिता और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि हमले में गंभीर रूप से घायल मां अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।

कोलकाता, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के बाहरी इलाके न्यू टाउन में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। संदिग्ध जमीन विवाद में पिता और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि हमले में गंभीर रूप से घायल मां अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह दोहरी हत्या जमीन विवाद के कारण की गई है। बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मुजफ्फर मिस्त्री उर्फ मोना और उनके 26 वर्षीय बेटे बापी मिस्त्री के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, न्यू टाउन के पाथरघाटा इलाके में एक जमीन को लेकर मिस्त्री परिवार का लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दूसरी तरफ के लोग उस जमीन पर निर्माण कार्य कर रहे थे, जिसका मुजफ्फर मिस्त्री और उनके परिवार ने विरोध किया था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को दूसरी पक्ष के कुछ लोगों ने मुजफ्फर मिस्त्री पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उनके बेटे और पत्नी पर भी हमला किया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में मौके पर गिर पड़े।

घायलों को तुरंत बिधाननगर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुजफ्फर मिस्त्री और उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

बिधाननगर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "धारदार हथियार से हमले में पिता और बेटे की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मां की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला दो पक्षों के बीच जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 July 2026 12:08 AM IST

Tags

Next Story