दिल्ली के विश्वास नगर में घर के अंदर आग लगने से चार लोगों की मौत

दिल्ली के विश्वास नगर में घर के अंदर आग लगने से चार लोगों की मौत
दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल, दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल, दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

यह घटना शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वास नगर इलाके में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 में हुई। अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 4.15 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था। यह घर लगभग 60 वर्ग गज में फैला हुआ था।

बताया गया कि आग लगने के समय घर के अंदर छह लोग सो रहे थे। आग की एक चिंगारी उठी और उसने पूरे घर को चपेट में ले लिया। घर में आग लगने से आसपास अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) को इमरजेंसी कॉल मिलने के तुरंत बाद चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया और सुबह करीब 5 बजे तक आग बुझा दी गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों ने छह लोगों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनमें से चार लोगों की मौत हो गई। दो अन्य लोग झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, "मौके पर चार लोगों की मौत हो गई थी और बाकी दो लोगों को अस्पताल भेज दिया गया। उनकी हालत अभी स्थिर है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।"

फिलहाल, आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी आनी बाकी है। पुलिस ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है।

एक अन्य घटना में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-85 में प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस को रविवार सुबह करीब 3.50 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दो दमकल गाड़ियां, दो पानी के टैंकर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल भेजा गया।

आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जहां कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे हुए थे। लगभग 200 वर्ग गज में बनी इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल थी। सुबह 4.05 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, जबकि आग बुझाने का अभियान सुबह करीब 5.20 बजे खत्म हुआ। फैक्ट्री में लगी इस आग में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story