सूडान की राजधानी खार्तूम में ड्रोन हमले, चार की मौत; यूएन परिसरों को भी नुकसान

खार्तूम, 22 नवंबर (आईएएनएस)। सूडान की राजधानी क्षेत्र खार्तूम में रविवार तड़के हुए ड्रोन हमलों में चार लोगों की मौत हो गई और करीब 10 अन्य घायल हो गए। इन हमलों में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के परिसरों को भी नुकसान पहुंचा। यह जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय समूहों ने दी।
स्थानीय समूहों के अनुसार, जबल अउलिया इलाके में एक घर पर ड्रोन गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, उत्तरी ओमदुरमान शहर में एक घर पर ड्रोन गिरने से तीन लोगों की जान चली गई और करीब 10 अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि रविवार तड़के कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। उनका कहना है कि खार्तूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ड्रोन से निशाना बनाया गया, जिन्हें वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट वीडियो फुटेज में पूर्वी खार्तूम में एक ड्रोन को गिरते हुए दिखाया गया है। वहीं, राजधानी के विभिन्न हिस्सों में जमीनी वायु रक्षा प्रणालियों की कार्रवाई की आवाजें भी सुनी गईं।
सूडान में संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट और मानवीय समन्वयक डेनिस ब्राउन ने कहा कि राजधानी के एक रिहायशी इलाके पर हुए ड्रोन हमलों में संयुक्त राष्ट्र के परिसरों को नुकसान पहुंचा। उस समय कई यूएन कर्मचारी परिसर के अंदर मौजूद थे।
ब्राउन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून मानवीय सहायता कर्मियों और उनकी संपत्तियों को संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्रोन हमलों के कारण आम नागरिकों की मौत हो रही है और भारी मानवीय पीड़ा पैदा हो रही है।
हाल के महीनों में सूडान में ड्रोन हमलों का दायरा बढ़ा है। रिहायशी इलाकों, नागरिक प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने से बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं, विस्थापन बढ़ा है और आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
इस महीने की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि जनवरी से अक्टूबर के बीच सूडान में ड्रोन हमलों में 1,630 से अधिक नागरिक मारे गए।
सूडान अप्रैल 2023 से सूडानी सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के बीच संघर्ष की चपेट में है। इस युद्ध में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग देश के भीतर और बाहर विस्थापित हुए हैं।
पिछले सप्ताह पश्चिम कोर्दोफान राज्य में हुए एक ड्रोन हमले में भी लगभग 15 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय मानवाधिकार संगठन कोर्दोफान ऑब्जर्वेटरी के अनुसार, 15 नवंबर को अबू जबाद इलाके के अबू कल्ब क्षेत्र में हुए हमले में चार बच्चों समेत 15 नागरिक मारे गए थे, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
