वैश्विक स्तर पर एआई स्टॉक्स में गिरावट से भारतीय बाजार विदेशी पूंजी को कर सकता है आकर्षित उदय कोटक

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दिग्गज बैंकर उदय कोटक ने गुरुवार को कहा कि अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में वैश्विक निवेश की तेजी कमजोर पड़ती है, तो भारत में विदेशी पूंजी का नया प्रवाह आ सकता है।
वर्चुअल संबोधन में कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक ने कहा कि वैश्विक कंपनियों ने एआई से जुड़ी अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर कर्ज लिया है, जिससे कई मामलों में कंपनियों का मूल्यांकन काफी बढ़ गया है।
कोटक ने कहा, "अगर यह रुझान पलटता है, तो भारत को नई विदेशी पूंजी के प्रवाह का फायदा मिल सकता है, क्योंकि देश अपनी एआई क्षमताओं का विकास कर रहा है।"
वैश्विक स्तर पर एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर दबाव के बाद भारतीय शेयर बाजार अक्टूबर की शुरुआत के अपने निचले स्तर से करीब 10 प्रतिशत की रिकवरी कर चुके हैं। इसी अवधि में टेक कंपनियों पर केंद्रित एशियाई बाजारों में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है।
उच्च मूल्यांकन, एआई से जुड़े निवेश के सीमित अवसरों और ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के बीच विदेशी निवेशकों ने 2026 में अब तक भारतीय बाजारों से रिकॉर्ड 29 अरब डॉलर की निकासी की है।
कोटक ने कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली के बावजूद घरेलू निवेशकों के लगातार भरोसे की बदौलत भारतीय शेयर बाजार मजबूती से टिके हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हालिया गिरावट के बाद दूसरे बाजारों की तुलना में भारत के मूल्यांकन का अंतर कम हुआ है। इससे भारतीय शेयर छह से 12 महीने पहले की तुलना में कम महंगे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की मजबूत आर्थिक विकास संभावनाएं अब भी भारत का सबसे बड़ा लाभ हैं।
कोटक ने निवेशकों को सलाह दी कि वे अल्पकालिक उतार-चढ़ाव के पीछे भागने के बजाय मध्यम अवधि के नजरिये से बेहतर गुणवत्ता वाली कंपनियों और जोखिम प्रबंधन पर ध्यान दें।
वहीं, गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ क्रमशः 79,465.03 और 24,579.90 के इंट्राडे उच्च स्तर पर पहुंच गए।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 1,609.54 अंक यानी 2.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,910.94 पर खुला, जबकि निफ्टी 417.45 अंक यानी 1.74 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,378.05 पर खुला था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
