तेलंगाना गोदावरी नदी खतरे के दूसरे निशान पर, भद्राचलम में अलर्ट, 38 लोगों को बाढ़ से बचाया गया
हैदराबाद, 31 जुलाई (आईएएनएस)। भारी बारिश के कारण तेलंगाना के भद्राद्रि कोठागुडेम जिले में भद्राचलम के पास गोदावरी नदी शुक्रवार को खतरे के दूसरे निशान को पार कर गई। प्रशासन ने नदी के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार सुबह गोदावरी का जलस्तर पहले खतरे के निशान 43 फीट को पार कर गया था। दोपहर तक यह बढ़कर 48 फीट पर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अधिकारियों के अनुसार, ऊपरी इलाकों से लगातार पानी आने के कारण जलस्तर और बढ़ सकता है। 53 फीट पर खतरे का तीसरा सिग्नल लगाया जाएगा। भद्राचलम में गोदावरी का बहाव 11.44 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया।
स्री सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर परिसर का अन्नदानम सत्रम क्षेत्र बैकवॉटर के कारण जलमग्न हो गया। बैकवॉटर को नदी में पंप करने के लिए लगे मोटर खराब हो जाने से यह इलाका डूब गया। पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण गोदावरी और उसकी सहायक नदियों में उफान है।
इस बीच भद्राद्रि कोठागुडेम जिले के चेरला के पास रेत के टीले में फंसे 38 लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित बचा लिया। ये लोग शुक्रवार सुबह ट्रकों में रेत लोड करने गए थे, लेकिन अचानक बाढ़ का पानी आ गया। जिला प्रशासन ने नावें लगाकर ट्रक ड्राइवरों, क्लीनरों और मशीन ऑपरेटरों सहित सभी को बाहर निकाला।
बाढ़ के कारण मुलुगु जिले के वेंकटापुरम और चेरला के बीच सड़क संपर्क टूट गया है। मुलुगु जिले के कुछ गांव भी भारी बारिश और बाढ़ से डूब गए। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने इसका विरोध किया। उन्होंने मांग की कि हर साल शिफ्ट करने के बजाय उन्हें सुरक्षित जगहों पर घर दिए जाएं।
पिछले दो दिनों की भारी बारिश से संयुक्त आदिलाबाद जिले में नाले और नदियां उफान पर हैं। पेंगंगा और प्रणहिता नदियों में बाढ़ का पानी आ रहा है। पेंगंगा के ओवरफ्लो होने से जिले में फसलें डूब गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
निर्मल जिले में कदाम परियोजना में ऊपरी इलाकों से भारी मात्रा में पानी आने के कारण अधिकारियों ने येल्लमपल्ली परियोजना में बाढ़ का पानी छोड़ा है।
भारी बारिश के कारण मंचेरियल जिले में सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड की ओपन-कास्ट और भूमिगत खदानों में कोयला उत्पादन बाधित हुआ है। सार्वजनिक क्षेत्र की इस कंपनी को करीब 18 करोड़ रुपये का उत्पादन नुकसान होने का अनुमान है।
जोगुलाम्बा गडवाल जिले में कृष्णा नदी पर बने जुराला प्रोजेक्ट में भी ऊपरी इलाकों से भारी पानी आ रहा है। अधिकारियों ने नीचे की ओर पानी छोड़ने के लिए 24 क्रेस्ट गेट खोल दिए हैं।
उत्तर तेलंगाना में भारी बारिश और ऊपरी इलाकों से पानी आने के कारण राज्य के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में जलस्तर बढ़ गया है। श्रीराम सागर, येल्लमपल्ली, सिंगूर, निजाम सागर, कदाम, अपर मनेर, मिड मनेर और लोअर मनेर में पानी की आवक बढ़ी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2026 12:09 AM IST












