गुजरात 12.67 करोड़ रुपए की गांजा मिश्रित टैबलेट जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

वलसाड (गुजरात), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के वलसाड जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,535.1 किलोग्राम गांजा मिश्रित नशीली टैबलेट जब्त की है, जिनकी अनुमानित कीमत 12.67 करोड़ रुपए बताई गई है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स विंग और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े मामले की जांच के दौरान की।
पहली छापेमारी वापी के छिरी क्षेत्र स्थित अहमदनगर की रजा गली में रहने वाले मोहम्मद अमीन मोहम्मद बासू खान (46) के घर पर की गई। यहां से पुलिस ने 387.75 किलोग्राम गांजा मिश्रित टैबलेट बरामद कीं, जिनकी कीमत करीब 1.93 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इन टैबलेट की आपूर्ति प्रदीप उर्फ मन्नू वर्मा (28) कर रहा था, जो केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के दादरा स्थित श्री साई कॉम्प्लेक्स में कारोबार करता है।
इसके बाद पुलिस ने दादरा में तिधारा रोड स्थित लवाछा सीमा के पास वर्मा की दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया और वहां से 2,147.35 किलोग्राम गांजा मिश्रित टैबलेट बरामद की गईं, जिनकी कीमत लगभग 10.73 करोड़ रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि कुल मिलाकर 2,535.1 किलोग्राम टैबलेट जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत 12,67,55,000 रुपए है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और दो बिजली बिल भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 12,67,65,000 रुपए आंका गया है।
मामले में अन्य दो आरोपियों की पहचान अनुराग गुप्ता, निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश), और सलमान इकबाल सिद्दीकी, निवासी घाटकोपर (मुंबई) के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अमीन खान मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले के कुकुरमांड गांव का निवासी है और वापी में रह रहा था। वहीं प्रदीप वर्मा उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तिरुआ गांव का निवासी है और दादरा में रहकर कारोबार कर रहा था।
इस मामले में वलसाड जिले के डुंगरा पुलिस स्टेशन में एंटी नारकोटिक्स विंग के पुलिस उपनिरीक्षक आर.पी. डोडिया की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी वलसाड स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के उपनिरीक्षक एस.आर. सुसलाडे को सौंपी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
