गुजरात-हरियाणा की याचिका समितियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर किया मंथन, जन शिकायतों के समाधान पर जोर
गांधीनगर, 29 जून (आईएएनएस)। गुजरात और हरियाणा विधानसभा की याचिका समितियों की एक संयुक्त बैठक सोमवार को गांधीनगर में आयोजित की गई। इस बैठक में लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय प्रक्रियाओं और जनता की शिकायतों के पारदर्शी समाधान के तरीकों पर चर्चा की गई।
गुजरात विधानसभा में हुई इस बैठक में दोनों राज्यों की समितियों के सदस्यों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने कार्य अनुभव साझा किए। इसका उद्देश्य विधायी प्रक्रियाओं को और मजबूत बनाना था।
गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष पूर्णेश मोदी ने कहा कि गुजरात और हरियाणा दोनों ही अपने समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा अपनी वीरता और खेल उपलब्धियों के लिए प्रसिद्ध है, जबकि गुजरात अपने उद्यमशील स्वभाव, व्यापारिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक विविधता के लिए दुनिया भर में पहचाना जाता है। दोनों राज्यों ने भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने याचिका समिति की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि यह समिति जनता की आवाज को सीधे विधानसभा तक पहुंचाने का एक प्रभावी मंच है, जहां नागरिकों की शिकायतें सुनी जाती हैं और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की याचिका समितियां संसदीय नियमों को समझने, पारदर्शिता बनाए रखने और जन समस्याओं के समाधान के लिए समान रूप से प्रतिबद्ध हैं।
हरियाणा याचिका समिति के अध्यक्ष विनोद भायना ने कहा कि ऐसे अंतरराज्यीय दौरे का मुख्य उद्देश्य विचारों और कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के माध्यम से संसदीय व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा जनता की समस्याओं का अधिक प्रभावी और सही समाधान संभव होगा, जिससे जन केंद्रित कार्यों को गति मिलेगी।
बैठक में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना के तहत गुजरात और हरियाणा के संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही हरियाणा की खेल और वीरता तथा गुजरात की व्यापार और उद्यमशीलता की विशेषताओं को पूरक बताया गया।
इस बैठक में हरियाणा याचिका समिति के सदस्य शकुंतला खटक, लक्ष्मण सिंह यादव और चंद्र प्रकाश, गुजरात के विधायक मनु पटेल और कालू डाभी, गुजरात विधानसभा सचिवालय की संयुक्त सचिव रीता मेहता, उप सचिव चिराग पटेल और समिति सचिव एवं उप सचिव पार्थ प्रजापति मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Jun 2026 7:50 PM IST












