ओटीटी में कदम रख कम्फर्ट जोन से बाहर आईं हेली शाह, बोलीं- काम से बनाना चाहती हूं पहचान
मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। एक से बढ़कर एक सफल टीवी शो का हिस्सा रहीं अभिनेत्री हेली शाह नई पारी की शुरुआत कर चुकी हैं और इसे लेकर वह उत्साहित भी हैं। हेली इन दिनों ओटीटी शो 'गुल्लक' के पांचवें सीजन में अपने अभिनय को लेकर चर्चा में हैं।
दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स के बीच हेली ने टेलीविजन से ओटीटी की दुनिया में कदम रखने और अपने करियर के इस नए पड़ाव के बारे में बात की।
हेली शाह का कहना है कि टेलीविजन इंडस्ट्री हमेशा उनके लिए एक कम्फर्ट जोन रही है। लंबे समय तक टीवी पर काम करने की वजह से उन्होंने एक मजबूत पहचान और बड़ा फैन बेस बनाया। हालांकि, वह अपने अभिनय के दायरे को बढ़ाना चाहती थीं और इसी सोच के साथ उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर रुख किया।
हेली ने बताया कि टेलीविजन कलाकारों को अक्सर एक तय छवि में देख लिया जाता है। कई बार दूसरे माध्यमों में काम करने के बावजूद कलाकारों को “टीवी एक्टर” या “टीवी एक्ट्रेस” के टैग से बाहर निकलने में काफी समय लग जाता है। उनका मानना है कि लगातार अच्छा काम और सही मौके मिलने पर लोगों की सोच धीरे-धीरे बदलती है।
उन्होंने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि इतने सालों तक टेलीविजन से जुड़ी रही। यह हमेशा मेरा कम्फर्ट जोन रहा है। लेकिन मैं नए अवसरों को भी आजमाना चाहती हूं क्योंकि मुझे अक्सर सिर्फ एक टीवी एक्ट्रेस के तौर पर देखा जाता रहा है। 'गुल्लक' में इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है।”
हेली ने यह भी बताया कि वह लंबे समय से द वायरल फीवर (टीवीएफ) के साथ काम करना चाहती थीं और 'गुल्लक' के जरिए उनका ओटीटी डेब्यू होना इस सफर को और भी खास बना देता है। उनके अनुसार, इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी और वास्तविकता है, जिससे दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं। यही वजह है कि हर सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता है।
अभिनेत्री ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान सिर्फ अच्छे काम पर है। वह चाहती हैं कि लोग उन्हें उनके अभिनय और काम की वजह से पहचानें, न कि सिर्फ सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी के कारण।
हेली शाह के मुताबिक, 'गुल्लक' उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके लिए यह सिर्फ ओटीटी डेब्यू नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है, जहां वह खुद को अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए साबित करना चाहती हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2026 11:51 PM IST












