'हाई-फाइव, मुस्कान और बहुत कुछ', प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन का त्योहार
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ हंसी-मजाक, हाई-फाइव और बातचीत की। पीएम मोदी ने बच्चों के साथ विशेष रक्षा बंधन समारोह की झलकियां भी शेयर की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे छात्राओं के साथ हाई फाइव करते और हाथ मिलाते हुए नजर आए। उन्होंने लिखा, "आज 7, लोक कल्याण मार्ग (प्रधानमंत्री आवास) में रक्षाबंधन समारोह के दौरान हाई-फाइव, मुस्कानें और भी बहुत कुछ।"
वीडियो में प्रधानमंत्री को बच्चों से बातचीत करते और गर्मजोशी से उनका अभिवादन करते देखा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया और रक्षाबंधन समारोह के दौरान उनके साथ समय बिताया।
बातचीत के दौरान एक बच्ची ने पीएम मोदी से उनके बचपन के सपने के बारे में पूछा। बच्ची ने पूछा, 'आपका बचपन का सपना'। इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया और कहा, "आप लोगों से मिलने का।" इसके बाद सभी छात्राएं हंसने लगीं।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।"
इस अवसर पर उन्होंने एक 'संस्कृत सुभाषितम्' भी शेयर किया, जिसमें लिखा, "एष प्रभावो रक्षायाः कथितस्ते युधिष्ठिर। जयदः सुखदश्चैव पुत्रारोग्यधनप्रदः।" 'संस्कृत सुभाषितम्' में कहा गया है, "रक्षा सूत्र के प्रभावों का वर्णन करते हुए कहा गया है कि यह जय, सुख, संतति, आरोग्य और ऐश्वर्य प्रदान करने वाला है।"
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ वर्षों पर बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाते आए हैं। पिछले साल बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी को राखी बांधी और उनके साथ राखी का त्योहार मनाया। 'एक्स' पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को उनके निरंतर विश्वास और प्यार के लिए धन्यवाद भी दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Aug 2026 1:50 PM IST












