इलौया राजा ने एसपी बालासुब्रमण्यम को श्रद्धांजलि दी, बोले- किसी ने भी संगीतकार के विजन को इतनी जल्दी नहीं समझा
चेन्नई, 4 जून (आईएएनएस)। मशहूर संगीतकार इलैया राजा ने गुरुवार को गायक एसपी बालासुब्रमण्यम की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि किसी ने भी संगीतकार के विजन को इतनी जल्दी नहीं समझा, और किसी ने भी उनसे ज्यादा किसी गाने पर ध्यान केंद्रित नहीं किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ऑडियो क्लिप पोस्ट करते हुए अपने करीबी दोस्त एसपी बालासुब्रमण्यम के बारे में विचार साझा किए।
उस्ताद इलैया राजा ने लिखा, "किसी ने भी संगीतकार के विजन को इतनी जल्दी नहीं समझा, और किसी ने भी एसपीबी से ज्यादा किसी गाने पर ध्यान केंद्रित नहीं किया। उनके जीवन, दोस्ती और 50,000 गानों की बेजोड़ उपलब्धि का जश्न मनाते हुए, जन्मदिन मुबारक हो, एसपीबी।"
उन्होंने जो क्लिप पोस्ट की, उसमें इलैया राजा ने कहा, "बालु की गैरमौजूदगी ने मेरे दिल में एक खालीपन पैदा कर दिया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि उनकी आवाज के बराबर कोई दूसरी आवाज नहीं है। यहां तक कि जो लोग उनकी आवाज की नकल करने की कोशिश करते हैं, वे भी सही ढंग से नहीं गा पाते। उनकी आवाज की नकल नहीं की जा सकती। फिर उनके गाने में डूब जाने के अंदाज की नकल कैसे की जा सकती है?"
इलैया राजा ने कहा, ''गाने में बालासुब्रमण्यम का डूब जाना, उनकी रचना करने की क्षमता और गाने को हूबहू पेश करने का उनका हुनर, ये सब अलग-अलग बातें थीं। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"
उन्होंने कहा कि एसपीबी की शोहरत की वजह से नहीं, बल्कि उनके हुनर, संगीत की रचना को बहुत तेजी से समझने की उनकी क्षमता और इस बात की गहरी समझ की वजह से था कि गाने से कौन सा भाव उभरकर आना चाहिए।
इलैया राजा ने कहा, "वह बहुत ही एकाग्र होकर गाना गाते थे और गाने में अपनी पूरी जान लगा देते थे। मेरी जो भी उम्मीदें थीं, उन्होंने पूरा किया। वह कमाल के थे। इससे भी बढ़कर, वह मेरे सबसे अच्छे दोस्त थे। इसके अलावा, अब तक के प्लेबैक सिंगर्स में वह एक बेहतरीन टैलेंट थे। 50,000 से ज्यादा गाने गाना कोई मामूली बात नहीं है। संगीत की दुनिया में यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। किसी और ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की है।"
उन्होंने कहा कि जो बातें शब्दों और कल्पना से परे होती हैं, वे अद्भुत होती हैं। इतने सारे सिंगर्स के आने के बावजूद, कोई भी एसपीबी के आसपास भी नहीं पहुंच पाया। वे उसका सौवां हिस्सा भी नहीं दे पाए, जितना एसपीबी ने दिया था। एसपीबीकी शोहरत अमर रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Jun 2026 4:26 PM IST












