ईयू एफटीए से भारत और जर्मनी के उद्योगों के बीच सहयोग होगा मजबूत पीयूष गोयल

ईयू एफटीए से भारत और जर्मनी के उद्योगों के बीच सहयोग होगा मजबूत  पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने भारतीय और जर्मन उद्योगों के बीच सहयोग मजबूत करने के लिए जर्मनी की संघीय आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री कैथरीना राइखे के साथ बैठक की।

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने भारतीय और जर्मन उद्योगों के बीच सहयोग मजबूत करने के लिए जर्मनी की संघीय आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री कैथरीना राइखे के साथ बैठक की।

जर्मनी के आधिकारिक दौरे पर गए गोयल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर, उन्नत विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिजों, हरित हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं के क्षेत्र में अवसरों पर चर्चा की। इसके साथ ही भारत के औद्योगिक और डिजिटल इकोसिस्टम में निवेश बढ़ाने पर भी बातचीत की।

उन्होंने कहा, "हमने बातचीत में इस बात पर फोकस किया कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) किस तरह एक गेमचेंजर साबित होगा और भारत एवं जर्मनी, दोनों देशों के कारोबारियों को अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने में मदद करेगा।"

सरकार बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, लगभग 100 कारोबारों और स्टार्टअप के प्रतिनिधियों के साथ वाणिज्य मंत्री ने 22 से 27 अक्टूबर तक जर्मनी और नीदरलैंड की अपनी आधिकारिक यात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की रणनीतिक आर्थिक साझेदारियों को गहरा करना, द्विपक्षीय व्यापार का विस्तार करना और दोनों देशों के साथ औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाना है।

जर्मनी दौरे के दौरान गोयल बर्लिन ग्लोबल डायलॉग में हिस्सा लेंगे। यहां वह अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माताओं और वैश्विक कारोबारी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान भारत की व्यापक आर्थिक स्थिरता, विनिर्माण क्षमताओं और मजबूत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण में देश की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया जाएगा।

शिखर सम्मेलन से इतर मंत्री की जर्मनी की संघीय आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री तथा संघीय चांसलरी में आर्थिक एवं वित्तीय नीति सलाहकार और जी7/जी20 शेरपा के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें भी निर्धारित थीं।

इन बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश के रास्तों को मजबूत करने, उन्नत इंजीनियरिंग, हरित परिवहन और स्वच्छ प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तकनीकी एवं औद्योगिक सहयोग को तेज करने तथा भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की जारी वार्ताओं से पैदा होने वाले बाजार तक पहुंच और निवेश के अवसरों का पता लगाने पर ध्यान दिया जाएगा।

नीदरलैंड की यात्रा के दौरान मंत्री हेग में सरकार-से-सरकार (जी2जी) स्तर पर व्यापक बातचीत का नेतृत्व करेंगे। वह आर्थिक मामलों एवं जलवायु मंत्री तथा विदेश व्यापार एवं विकास सहयोग मंत्री के साथ द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में व्यापार के नए अवसरों का विस्तार करने और हरित बदलाव से जुड़ी पहलों पर चर्चा की जाएगी।

इस यात्रा के दौरान उत्तर हॉलैंड के किंग्स कमिश्नर और डच संसद की विदेश व्यापार तथा यूरोपीय मामलों से संबंधित समितियों के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण चर्चाएं भी होंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 7:39 PM IST

Tags

Next Story