भारत का सर्विसेज पीएमआई अप्रैल में पांच महीनों के उच्चतम स्तर 58.8 पर रहा
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। भारत के सर्विसेज सेक्टर में गतिविधियां मजबूत बनी हुई है और इससे सर्विसेज पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) अप्रैल में पांच महीनों के उच्चतम स्तर 58.8 पर पहुंच गया है। यह नवंबर 2025 के बाद सबसे अच्छा पीएमआई आंकड़ा है। यह जानकारी बुधवार को जारी हुए एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज पीएमआई डेटा में दी गई।
इससे पहले मार्च में एचएसबीसी सर्विसेज पीएमआई डेटा 57.5 पर रहा।
सर्वेक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने कहा कि नए बिजनेस में बीते पांच महीनों में सबसे तेज गति से वृद्धि हुई है और इसे प्रतिस्पर्धी कीमतों, ई-कॉमर्स गतिविधियों और रीलोकेशन एवं लॉजिस्टिक्स सर्विसेज की मजबूत मांग का फायदा मिल रहा है।
एचएसबीसी के मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, "नए निर्यात ऑर्डर में कमी आने के बावजूद गतिविधियां और नए ऑर्डर मजबूत हुए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि मध्य पूर्व संघर्ष के बीच मांग विदेशी बाजारों से घरेलू उपभोक्ताओं की ओर स्थानांतरित हो रही है।"
लागत के मोर्चे पर, इनपुट मूल्य मुद्रास्फीति मार्च से थोड़ी कम हुई है।
उच्च लागत दबाव के बावजूद, आउटपुट मूल्य मुद्रास्फीति अपेक्षाकृत कम रही, जिससे संकेत मिलता है कि कुछ फर्मों ने बढ़ी हुई लागत को ग्राहकों पर डालने के बजाय स्वयं वहन किया।
हालांकि, सर्विस कंपनियां आगामी वर्ष के लिए आशावादी बनी हुई है, क्योंकि उन्हें मजबूत मांग, विपणन पहलों और ग्राहकों की बढ़ती पूछताछ से उम्मीद है। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और लागत दबावों को लेकर चिंताओं के कारण माहौल में थोड़ी नरमी आई।
इस बीच, पूरे क्षेत्र में भर्ती गतिविधियों में तेजी आई, कंपनियों ने बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अल्पकालिक कर्मचारियों और कनिष्ठ स्तर के श्रमिकों को नियुक्त किया।
व्यापक स्तर पर, भारत के निजी क्षेत्र की गतिविधियों ने भी अप्रैल में गति पकड़ी, जिससे एचएसबीसी कंपोजिट पीएमआई आउटपुट इंडेक्स मार्च के 57 से बढ़कर 58.2 हो गया।
वहीं, भारत का मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई अप्रैल में बढ़कर 54.7 हो गया, जो मार्च के 53.9 से अधिक है, क्योंकि उत्पादन, नए ऑर्डर (निर्यात सहित) और रोजगार सभी में मामूली वृद्धि हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 May 2026 3:07 PM IST












